शिमला, 30 जून 2025 — हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने राज्य को संकट की स्थिति में ला खड़ा किया है। शिमला के भट्टाकुफर इलाके में सोमवार सुबह एक 5 मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। सौभाग्य से इस मकान को रात में ही खाली करवा लिया गया था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। बताया जा रहा है कि यह इमारत एक रिटायर्ड SDO की थी और इसके गिरने की वजह फोरलेन प्रोजेक्ट के लिए की गई कटिंग को माना जा रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सुजानपुर में पेड़ गिरा, तीन वाहन चकनाचूर
हमीरपुर जिले के सुजानपुर में एक विशालकाय पेड़ गिरने से तीन गाड़ियां दब गईं। हादसा सुबह के समय हुआ, जब लोग अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे। हालांकि, इस दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
चार जिलों में रेड अलर्ट, तीन में स्कूल बंद
मौसम विभाग ने आज कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए मंडी, कांगड़ा और सिरमौर में सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। कुल्लू जिले के मनाली और बंजार डिवीजन में भी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
बीती रात से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। मंडी में सर्वाधिक 119 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और ऊंचे इलाकों में लैंडस्लाइड की स्थिति बन गई है।
फ्लैश फ्लड और लैंडस्लाइड का खतरा
शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों के लिए फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया है। साथ ही लोगों और पर्यटकों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
1 और 2 जुलाई को भी अलर्ट जारी
1 जुलाई को मंडी, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 2 जुलाई को प्रदेश के 10 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसमें ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कांगड़ा और कुल्लू शामिल हैं।
कुल्लू-धर्मशाला में बादल फटने से तबाही, 7 की मौत, 3 लापता
पिछले सप्ताह कुल्लू और धर्मशाला में बादल फटने की घटनाओं ने कई परिवारों को गमगीन कर दिया। कुल्लू के होरनगाड़ में तीन लोग घर समेत बह गए थे, जिनमें से केवल एक का शव बरामद हो सका है। वहीं धर्मशाला के खनियारा में 7 मजदूर बह गए थे, जिनमें से 6 के शव मिल चुके हैं और एक अभी लापता है।
39 मौतें, 129 सड़कें और 612 ट्रांसफॉर्मर बंद
20 से 29 जून के बीच राज्य में 39 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से 19 सड़क दुर्घटनाओं, 7 फ्लैश फ्लड, 6 डूबने, 2 करंट, 1 स्नेक बाइट, और 3 ऊंची ढलानों से गिरने की घटनाओं में हुई हैं।
बारिश और भूस्खलन के चलते प्रदेश की 129 सड़कों पर यातायात बंद है और 612 ट्रांसफॉर्मर ठप पड़े हैं, जिससे कई इलाकों में बिजली गुल है। मंडी डिवीजन सबसे अधिक प्रभावित है, जहां 340 ट्रांसफॉर्मर बंद हैं।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
