Saturday , 25 July 2026

राहुल गांधी दरभंगा में छात्रों से मिलने पैदल पहुंचे, अंबेडकर हॉस्टल के बाहर बोले – “आपकी ताकत मेरे साथ है”

दरभंगा, बिहार,15 मई : कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को दरभंगा में प्रशासनिक रोक के बावजूद अंबेडकर हॉस्टल पहुंचकर छात्रों से मुलाकात की। प्रशासन द्वारा अनुमति न देने के बावजूद राहुल गांधी अपनी गाड़ी छोड़कर पैदल ही छात्रावास की ओर रवाना हुए। रास्ते में उन्होंने लोगों से मुलाकात की और छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “सरकार आपको बोलने नहीं देती, लेकिन आपकी ताकत मेरे साथ थी, इसलिए मैं यहां तक पहुंच गया।”

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

प्रशासनिक अड़चनें, लेकिन इरादा अडिग

राहुल गांधी दरभंगा में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद अंबेडकर हॉस्टल के छात्रों से संवाद करने जा रहे थे, लेकिन जिला प्रशासन ने इलाके में धारा 144 लागू कर दी और कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि ये सब सुनियोजित रूप से किया गया ताकि राहुल गांधी छात्रों से न मिल सकें।

 

राहुल गांधी का छात्रों से सीधा संवाद

हॉस्टल पहुंचने के बाद राहुल ने छात्रों से कहा, “पिछड़े और अति पिछड़े वर्गों के खिलाफ हमेशा साजिश होती रही है। सरकार सिर्फ अमीरों के लिए काम कर रही है, गरीबों की कोई सुनवाई नहीं हो रही। हमारा मकसद हर वर्ग को बराबरी का हक दिलाना है।” उन्होंने जातिगत जनगणना की मांग को दोहराया और छात्रों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस उनके साथ है।

 

प्रशासन ने क्या कहा?

दरभंगा प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस को टाउन हॉल में कार्यक्रम की अनुमति दी गई थी, लेकिन अंबेडकर हॉस्टल में किसी भी प्रकार के आयोजन की मंजूरी नहीं थी। लहेरियासराय थाने के सर्कल इंस्पेक्टर ललन कुमार ने कहा, “धारा 144 लागू होने के कारण किसी भी सार्वजनिक सभा की इजाजत नहीं दी गई।” प्रशासन ने कानून व्यवस्था के मद्देनजर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *