अमृतसर: पंजाब कांग्रेस के फायरब्रांड नेता और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय होते नज़र आ रहे हैं। एक तरफ जहां उनकी वापसी द ग्रेट इंडियन कपिल शो को लेकर सुर्खियों में है, वहीं दूसरी ओर उन्होंने आज अमृतसर से बड़ा राजनीतिक बयान देकर पंजाब की सियासत में नई हलचल मचा दी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिद्धू ने आज स्पष्ट कहा, “मैं राजनीति में कमाने नहीं, बदलाव लाने आया हूं। राजनीति मेरा धंधा नहीं, मेरा मिशन है।” उनके इस बयान को 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
“पंजाब को माफिया चला रहा है, सरकार के पास कोई विजन नहीं”
अमृतसर के ज्ञानी टी स्टाल के बाहर जनता से संवाद करते हुए सिद्धू ने मौजूदा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “पिछले 30 साल से पंजाब की सभी सरकारों को माफिया चला रहा है। आज भी हालात नहीं बदले।” सिद्धू ने राज्य में विकास की कमी, लगातार कर्ज पर चल रही सरकार और नीति विहीन शासन की कड़ी आलोचना की।
“15 साल की राजनीति, कोई दाग नहीं”
सिद्धू ने अपनी ईमानदारी पर जोर देते हुए कहा, “मेरी 15 साल की राजनीति में कोई आरोप साबित नहीं हुआ है। मैंने न जमीर बेचा, न किरदार गिराया। हां, मैं ऊंची आवाज़ में बोलता हूं, लेकिन वो सच्चाई की आवाज़ है।”
“पंजाब से मुझे इश्क है, बदलने वालों के साथ खड़ा रहूंगा”
राजनीति में अपने उद्देश्य को दोहराते हुए सिद्धू ने भावुक अंदाज में कहा, “मुझे पंजाब से इश्क है और इस इश्क के बदले मुझे कुछ नहीं चाहिए। जो भी पंजाब में बदलाव और नीतियों की बात करेगा, मैं उसके साथ खड़ा रहूंगा।”
पत्नी नवजोत कौर और कपिल शर्मा शो में वापसी से बढ़ी चर्चा
हाल ही में सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने बीमारी से उबरने के बाद राजनीति में वापसी का ऐलान किया था। साथ ही नवजोत सिद्धू खुद द ग्रेट इंडियन कपिल शो में छह साल बाद वापसी कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने अपना यूट्यूब चैनल भी लॉन्च किया, जहां वह लगातार जनता के मुद्दों पर बात कर रहे हैं।
क्या सद्धू 2027 की तैयारी में हैं?
नवजोत सिंह सिद्धू का यह बयान ऐसे वक्त में आया है जब कांग्रेस पार्टी ने उन्हें स्टार प्रचारकों की सूची से बाहर कर दिया है। इस स्थिति में यह साफ हो रहा है कि सिद्धू अपनी राजनीतिक राह खुद तय करने के मूड में हैं। पंजाब में बदलाव की बात करते हुए उनका ये मिशन 2027 के विधानसभा चुनावों की ओर एक मजबूत इशारा है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
