चंडीगढ़,26 फरवरी। हरियाणा, पंजाब, हिमाचल और चंडीगढ़ में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शिवालयों में भक्तों की लंबी कतारें सुबह से ही जलाभिषेक के लिए लगी हुई हैं। इस पावन अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन के मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में स्थित ऐतिहासिक मोदाश्रम मंदिर, जो दोहान नदी के मध्य स्थित है और लगभग 150 वर्ष पुराना है, वहां हजारों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए उमड़े। रेवाड़ी में भक्तों ने भगवान शिव की बारात निकालकर भक्ति भाव से नृत्य किया और जयकारे लगाए।
पंजाब के मोहाली में प्रसिद्ध पंजाबी सिंगर अफसाना खान ने अपने पति के साथ शिवलिंग पर जल चढ़ाकर महादेव का आशीर्वाद लिया।
उधर, हिमाचल प्रदेश के मंडी में प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले का शुभारंभ हुआ। यहां परंपरागत रूप से 216 देवी-देवताओं की शोभायात्रा निकाली गई। ब्यास घाट से सुबह शिव बारात निकली, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बाबा भूतनाथ मंदिर में तड़के 3 बजे से ही भक्त बारिश के बावजूद छाता लेकर जलाभिषेक के लिए लाइन में लगे रहे।
महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर पूरा उत्तर भारत शिवमय हो गया, और हर जगह ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंजते रहे।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
