Sunday , 26 July 2026

भाजपा सरकार पर बरसे अभय चौटाला, कानून व्यवस्था और किसानों के मुद्दे पर बोला हमला

सिरसा, 04 मार्च : ऐलनाबाद के पूर्व विधायक अभय सिंह चौटाला ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और किसानों के मुद्दे को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा में हर रोज लूट और हत्याएं हो रही हैं, लेकिन सरकार इस पर कोई ध्यान नहीं दे रही।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

लूट-हत्याओं पर उठाए सवाल, सरकार पर निशाना

अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। हर रोज अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार इसे रोकने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने भाजपा सरकार को पूरी तरह विफल करार दिया।

उपराष्ट्रपति करेंगे सिरसा में शिरकत

उन्होंने जानकारी दी कि देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ कल ओढ़ा और जेसीडी विद्यापीठ स्थित माता हरकी देवी स्कूल में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वे इस दौरान बच्चों को डिग्रियां भी वितरित करेंगे।

“भाजपा किसान विरोधी पार्टी”

किसान आंदोलन को लेकर भी अभय चौटाला ने भाजपा पर हमला बोला और इसे “किसान विरोधी पार्टी” बताया। उन्होंने कहा कि किसानों के हक की बात करने के बजाय सरकार उन्हें दबाने का प्रयास कर रही है।

“अनिल विज खुद सीएम के खिलाफ”

हरियाणा के सीनियर मंत्री अनिल विज और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बीच बढ़ते टकराव को लेकर भी चौटाला ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि अनिल विज खुद मुख्यमंत्री के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। विज ने कहा था कि “सीएम नायब सिंह सैनी हवा में हैं और सरकार के 100 दिन भी हवा में ही निकल गए।”

विधायकों को मिलना चाहिए 10 करोड़ का फंड

अभय चौटाला ने कहा कि हरियाणा के विधायकों को सरकार की ओर से सालाना 5 करोड़ रुपए मिलते हैं, लेकिन यह राशि विकास कार्यों के लिए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने मांग की कि विधायकों को 10 करोड़ रुपए का फंड दिया जाए और साथ ही सभी विधायकों को सरकारी गाड़ियां भी मुहैया कराई जाएं।

कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया

चौटाला ने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता हरियाणा की जनता को गुमराह कर रहे हैं और भाजपा के साथ मिलकर प्रदेश को बर्बाद कर रहे हैं।

नगर परिषद चुनाव पर बड़ा आरोप

उन्होंने सिरसा नगर परिषद चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के गुप्त गठजोड़ का आरोप लगाया। उनका कहना था कि कांग्रेस के तीन विधायक सिरसा से हैं, लेकिन कोई भी चुनाव प्रचार में सक्रिय नहीं है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में कांग्रेस और भाजपा ने मिलकर खेल खेला है, जिससे जनता को धोखा दिया जा रहा है।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *