Saturday , 25 July 2026

बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का किसानों को मिलेगा मुआवजा-दुष्यंत चौटाला !

हरियाणा डेस्क:- हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सदस्यता रद्द होने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस अपने पुराने कर्मों का फल भुगत रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने राजनीतिक फायदे के लिए सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग करके राजनीतिक विरोधियों, क्षेत्रीय दलों को कमजोर करती थी और आज वही ये आरोप लगाती है तो इससे ज्यादा दुर्भाग्य क्या होगा ? शनिवार को डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला रोहतक में ग्रीवेंस कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद पत्रकारों से रूबरू थे। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि यह कोर्ट का फैसला है और कोर्ट जो भी फैसला सुनाए, उसका सम्मान होना चाहिए इसलिए इसकी आलोचना करना गलत है। उन्होंने कहा कि आज जो लोग न्यायिक प्रणाली की आलोचना कर रहे है, उनके जो इतिहास में कार्य रहे है, उन्हें वही भुगतना पड़ रहा है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि साल 2013 में हमने कांग्रेस के खिलाफ सीबीआई का दुरुपयोग करने की बात कही थी, आज कांग्रेस उस पर मुहर लगा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह मान रही है कि आज उन्हें अपने पुराने कर्मों का फल भुगतना पड़ रहा है। दुष्यंत चौटाला ने यह भी कहा कि या तो कांग्रेस इस फैसले के बाद बहुत ज्यादा घबरा गई है या फिर कांग्रेस को यह एहसास हो गया है कि अब उसका अंत आ गया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा में भी ऐसा मामला सामने आया था। कालका विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक प्रदीप चौधरी की सदस्यता रद्द की गई थी लेकिन बाद में कोर्ट का निर्णय दोबारा आने के बाद सदस्यता रद्द करने का फैसला वापस लिया गया इसलिए राहुल गांधी के लिए भी अभी कोर्ट के रास्ते खुले है। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हाल में हुई बेमौसम बारिश एवं ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के लिए सरकार द्वारा गिरदावरी के आदेश जारी किए गए है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा गिरदावरी रिपोर्ट के बाद प्रदान किया जाएगा। सरकार किसानों के कल्याण के लिए कृतसंकल्प है। खालिस्तान और पंजाब के हालातों के सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कुछ लोगों की सोच देश की व्यवस्था को बिगाड़ने की हो सकती है लेकिन पंजाब और हरियाणा के आम नागरिकों की यही सोच है कि भारत खुशहाल रहे और हमें सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में दोनों एजेंसियों ने समय से पहले कार्रवाई की है और व्यवस्था बिगड़ने से पहले कदम उठाए है।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *