हिसार, 14 अप्रैल 2025 : हरियाणा में अब सरकारी नौकरी पाने के लिए न सिफारिश चाहिए, न ही रिश्वत। “बिना खर्ची – बिना पर्ची” मॉडल को लेकर हरियाणा पूरे देश में मिसाल बनता जा रहा है। यह बात खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को हिसार एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं के शुभारंभ व टर्मिनल-2 के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कही।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
प्रधानमंत्री ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने योग्यता और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी है। एक ही झटके में 25,000 युवाओं को सरकारी नौकरी देना इस बात का प्रमाण है कि हरियाणा अब विकास और विश्वास का दूसरा नाम बन चुका है।
हरियाणा के ‘धाकड़’ लोगों को पीएम का सलाम
अपने संबोधन की शुरुआत प्रधानमंत्री ने खास अंदाज में हरियाणवी बोली में की। उन्होंने कहा:
“म्हारै हरियाणा के धाकड़ लोगां नै राम-राम, ठाढ़े जवान, ठाढ़े खिलाड़ी, ठाढ़ा भाईचारा — यो सै हरियाणा की पहचान।”
पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा और हरियाणा की जनता के चेहरे पर गर्व झलकने लगा।
विकास की उड़ान: हिसार एयरपोर्ट से नए युग की शुरुआत
प्रधानमंत्री ने कहा कि हिसार एयरपोर्ट का विस्तार और यहां से शुरू हुई नई हवाई सेवाएं न सिर्फ हरियाणा बल्कि पूरे उत्तर भारत की उड़ान में नया जोश भरेंगी। यह केवल एयरपोर्ट नहीं, बल्कि विकसित भारत के उस विज़न का हिस्सा है, जिसमें हर नागरिक को सुविधाएं और सम्मान मिले।
वन रैंक वन पेंशन: हरियाणा के सैनिकों को मिला न्याय
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने वन रैंक वन पेंशन के नाम पर सिर्फ धोखा दिया, जबकि भाजपा सरकार ने इसे लागू कर देश के जवानों का सम्मान बढ़ाया।
अब तक हरियाणा में ₹13,500 करोड़ की राशि OROP के तहत जारी की जा चुकी है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
