सिरसा। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के निधन के बाद तेजाखेड़ा फार्म हाउस पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए देशभर के बड़े नेता पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को हमीरपुर से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और हरियाणा की पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुकल ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान दोनों नेताओं ने चौटाला परिवार से मिलकर शोक व्यक्त किया और दुख सांझा किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अनुराग ठाकुर ने चौटाला को बताया “सच्चा जनसेवक”
मीडिया से बातचीत के दौरान अनुराग ठाकुर ने ओम प्रकाश चौटाला को एक बड़ा और सम्मानित राजनेता बताते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा जनहित को प्राथमिकता दी। ठाकुर ने चौटाला के उनके पिता और हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के साथ घनिष्ठ संबंधों को याद किया। उन्होंने कहा, “चौटाला साहब ने क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए संवाद और सहयोग का मार्ग चुना। उनका व्यक्तित्व और काम करने का तरीका हमेशा प्रेरणादायक रहा।”
हिमाचल के हक की लड़ाई में निभाई भूमिका
अनुराग ठाकुर ने चौटाला की हिमाचल प्रदेश के प्रति प्रतिबद्धता का जिक्र करते हुए कहा, “वे न केवल हरियाणा, बल्कि हिमाचल प्रदेश के हक और विकास की लड़ाई में भी सक्रिय रहे। मेरे पिता और उनके बीच व्यक्तिगत और राजनीतिक रिश्ते गहरे थे। चौटाला जी ने हमेशा पार्टी की सीमाओं से ऊपर उठकर जनता के लिए काम किया। उनके निधन से देश ने एक सच्चा जनसेवक खो दिया है।”
चौटाला के निधन से राजनीति को बड़ा नुकसान
गौरतलब है कि ओम प्रकाश चौटाला हरियाणा की राजनीति के एक मजबूत स्तंभ थे। उनका निधन भारतीय राजनीति में एक युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है। नेताओं ने उन्हें न केवल हरियाणा बल्कि देश की राजनीति में एक दूरदर्शी और प्रभावी नेता के रूप में याद किया।
नेताओं और जनता का सैलाब उमड़ा
श्रद्धांजलि देने के लिए चौटाला परिवार के फार्म हाउस पर नेताओं और आम जनता का सैलाब उमड़ पड़ा। सभी ने उनके द्वारा किए गए जनसेवा कार्यों की सराहना की और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
