डेराबस्सी, पंजाब | 26 अप्रैल 2025 : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज पंजाब के डेराबस्सी में आयोजित एक कार्यक्रम में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर राज्य के किसानों की सभी फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी जाएंगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा मॉडल को पंजाब में लागू किया जाएगा, जिससे किसानों को आर्थिक सुरक्षा और सम्मान मिलेगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री सैनी ने कहा, “हरियाणा में पिछले साढ़े 10 साल में किसानों को फसल खराबे का मुआवज़ा देने में सरकार ने 14,500 करोड़ रुपये दिए हैं, जबकि कांग्रेस शासन में ये राशि मात्र 1,155 करोड़ थी। यही फर्क है किसान हितैषी सरकार और वादाखिलाफ सरकार में।”
हरियाणा मॉडल को पंजाब में लागू करने का वादा
मुख्यमंत्री ने मंच से यह वादा भी किया कि हरियाणा की जन-कल्याणकारी योजनाएं जैसे परिवार पहचान पत्र, 24 घंटे बिजली, बुजुर्गों को ₹3000 पेंशन, और आयुष्मान योजना जैसी सुविधाएं पंजाब में भी दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि “हरियाणा में बिना पर्ची, बिना खर्ची 26 हजार युवाओं को नौकरी दी गई, यही पारदर्शिता पंजाब में भी लाएंगे।”
“नॉन स्टॉप” सरकार का दावा
नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक सशक्त राष्ट्र बना है और हरियाणा ने “ईमानदारी, पारदर्शिता और सेवा” को शासन का मूलमंत्र बनाया है। उन्होंने मौजूदा पंजाब सरकार और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “इन सरकारों ने कभी भी किसानों और आम जनता की वास्तविक चिंता नहीं की।”
कार्यक्रम में रही भारी भीड़, मिला गर्मजोशी से स्वागत
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री महारानी परनीत कौर, राज्यसभा सांसद सतनाम संधू, ज्ञान चंद गुप्ता सहित भाजपा के कई बड़े नेता मौजूद रहे। लोगों ने मुख्यमंत्री सैनी का जोरदार स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
