बठिंडा, 13 जून: सोशल मीडिया पर ‘कमल कौर भाभी’ के नाम से मशहूर और विवादों में रही इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस हत्याकांड में दो आरोपियों जसप्रीत सिंह और निमरतजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हत्या की साजिश रचने वाला निहंग अमृतपाल सिंह मेहरून अब भी फरार है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रमोशन के नाम पर रची गई थी साजिश
बठिंडा एसएसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि कमल कौर को एक शोरूम के प्रमोशनल शूट के बहाने बठिंडा बुलाया गया था। 9-10 जून की रात को बठिंडा के एक गैराज में उसे ले जाया गया, जहां जसप्रीत सिंह ने अपनी बनियान से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पूरी साजिश अमृतपाल सिंह मेहरून द्वारा रची गई थी, जो इस वक्त फरार है और उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
कार में मिला शव, मां ने की पहचान
11 जून की शाम करीब 7 बजे जिला कंट्रोल रूम को आदेश अस्पताल की पार्किंग में खड़ी एक कार (PB10FW9179) से दुर्गंध आने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कार खोली, तो अंदर कमल कौर का सड़ा-गला शव मिला। पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव की पहचान उनकी मां गिरिजा देवी ने की। गिरिजा देवी ने बताया कि अमृतपाल नाम का एक व्यक्ति पहले उनके घर आया था और कमल कौर को प्रमोशन के लिए बठिंडा बुलाने की बात कही थी।
कमल कौर उर्फ कंचन सोशल मीडिया पर पिछले कई वर्षों से सक्रिय थीं। अपने बोल्ड और खुले विचारों के चलते वे सोशल मीडिया पर मशहूर थीं, लेकिन कई बार उन्हें धमकियां भी मिलीं। करीब सात महीने पहले आतंकी अर्श डल्ला ने भी उन्हें अश्लील कंटेंट को लेकर जान से मारने की धमकी दी थी।
जांच में जुटी पुलिस, साजिश के और पहलुओं की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे धार्मिक भावना आहत होने के साथ-साथ कुछ व्यक्तिगत विवाद भी हो सकते हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। बठिंडा पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त वस्तुएं भी जब्त कर ली हैं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अमृतपाल सिंह की लोकेशन ट्रेस की जा रही है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
