पंचकूला। पंचकूला में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते घग्गर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। लगातार बारिश के कारण नदी उफान पर है और कई जगहों पर इसका रौद्र रूप देखने को मिल रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घग्गर नदी में बढ़ते पानी को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अगले तीन से चार दिनों तक भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए घग्गर नदी सहित अन्य बरसाती नदियों और नालों से दूरी बनाए रखें।
नदी-नालों में उतरने से बचने की अपील
प्रशासन ने लोगों को विशेष रूप से नदी या बरसाती नालों में उतरने, नहाने और इनके किनारे जाने से बचने की सलाह दी है। लोगों से यह भी अपील की गई है कि वे नदी-नालों के आसपास सेल्फी लेने या घूमने के लिए न जाएं।
प्रशासन के मुताबिक, पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के साथ पंचकूला और आसपास के इलाकों में हो रही बारिश के कारण घग्गर नदी और अन्य बरसाती नदियों-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है।
पहाड़ों से आने वाले पानी से बढ़ सकता है खतरा
पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाले पानी के कारण किसी भी समय अचानक जल सैलाब की स्थिति पैदा हो सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नदी-नालों के आसपास थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। इससे पहले भी बारिश के दौरान घग्गर नदी और अन्य बरसाती नदियों में अचानक पानी बढ़ने से लोग फंस चुके हैं और हादसों का शिकार हुए हैं।
बच्चों को भी नदी-नालों से दूर रखें
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने साथ-साथ बच्चों को भी बरसाती नदियों और नालों से दूर रखें। भारी बारिश के दौरान नदी और नालों में पानी का बहाव अचानक तेज हो सकता है।
लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग के अलर्ट और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें और किसी भी जोखिम वाले स्थान पर जाने से बचें।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
