नई दिल्ली, 28 जून 2025 – भारत ने अंतरिक्ष में एक और ऐतिहासिक मुकाम छू लिया है। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, जो Axiom-4 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर पहुंचे हैं, वे वहां पहुंचने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे सीधी बातचीत की, जो न केवल देश के लिए गर्व का क्षण था, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की उम्मीदों की आवाज भी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!PM मोदी ने बातचीत की शुरुआत भावुक अंदाज़ में की – “आज आप भारत से दूर हैं, लेकिन भारत की आकांक्षाएं आपके साथ हैं।” उन्होंने आगे कहा, “आपके नाम में भी ‘शुभ’ है, और आपकी यात्रा एक नए युग का शुभारंभ है।”
‘भारत नक्शे से कहीं ज्यादा भव्य है’ – शुभांशु शुक्ला
अंतरिक्ष से भारत को देखने के अनुभव को साझा करते हुए ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने कहा, “जब अंतरिक्ष से भारत को देखा, तो महसूस हुआ कि जितना सुंदर वह नक्शे में दिखता है, उससे कहीं ज्यादा भव्य असल में है।”
शुभांशु ने यह भी साझा किया कि वे अपने साथ गाजर का हलवा, मूंग दाल हलवा और आम रस लेकर गए हैं और उन्होंने इनका स्वाद अपने विदेशी साथियों के साथ बांटा। “भारत के स्वाद ने यहां भी सबका दिल जीत लिया,” उन्होंने हँसते हुए कहा।
PM मोदी का होमवर्क और ‘गगनयान’ का सपना
प्रधानमंत्री ने बातचीत के दौरान शुभांशु को एक ‘होमवर्क’ भी दिया – “जो अनुभव आप वहां से लेकर आ रहे हैं, वो गगनयान और भविष्य के मिशनों को आगे बढ़ाने में मदद करेंगे।”
इस पर शुभांशु ने आश्वासन दिया कि “मैं जब लौटूंगा, तो निश्चित ही गगनयान और अन्य मिशनों के लिए पूरी ऊर्जा के साथ योगदान दूंगा।”
अंतरराष्ट्रीय मिशन में भारतीय नेतृत्व
Axiom-4 मिशन की अगुवाई अमेरिकी कमांडर पैगी व्हिटसन कर रही हैं, जबकि शुभांशु मिशन पायलट के रूप में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ हंगरी के टिबोर कपू और पोलैंड के स्लावोज़ विस्नीव्स्की भी अंतरिक्ष में हैं।
इतिहास में दर्ज हुआ नाम
शुभांशु शुक्ला भारत के दूसरे अंतरिक्ष यात्री हैं। उनसे पहले 1984 में राकेश शर्मा ने रूसी मिशन के तहत अंतरिक्ष यात्रा की थी। लेकिन यह पहली बार है जब कोई भारतीय ISS (इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन) पर गया है, और वो भी एक प्राइवेट स्पेस मिशन के माध्यम से।
प्रधानमंत्री का भावनात्मक संदेश
बातचीत के अंत में पीएम मोदी ने कहा, “हम सबको आपकी सुरक्षित वापसी का इंतज़ार है। मां भारती का सम्मान बढ़ाते रहिए।” बातचीत ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ समाप्त हुई।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
