चंडीगढ़ , 12 अक्टूबर – हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि जिला नूंह में स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को और अधिक सुदृढ़ तथा जन-सुलभ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए जिले के 8 और ग्रामीण क्षेत्रों में नए उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने की सरकार ने मंजूरी दी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा राज्य में 100 नए उप-स्वास्थ्य केंद्र खोले जाने की बजट घोषणा के क्रम में यह प्रशासनिक निर्णय लिया गया है। जिला नूंह के अंतर्गत मानौत, खानपुर घाटी, झारपुरी, सलम्बा, बादली, गुरनावट, पापड़ा और रायपुरी गांवों में इन नए उप-स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना की जाएगी। इन सभी चयनित गांवों की ग्राम पंचायतों द्वारा उप-स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण और संचालन हेतु निःशुल्क भूमि व अस्थाई भवन उपलब्ध करवाने के प्रस्ताव पास कर पहले की सहमति दे दी गई है।
इसके अलावा, जी.आई.एस. मैपिंग के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया है कि ये सभी प्रस्तावित स्थल जनसंख्या के मानदंडों और क्षेत्र की आवश्यकताओं को पूरी तरह से पूरा करते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इन 8 नए उप-स्वास्थ्य केंद्रों के खुलने से ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा काफी बढ़ जाएगा और मरीजों को इलाज के लिए लंबी दूरियां तय नहीं करनी पड़ेंगी।
आरती सिंह राव ने बताया कि हरियाणा सरकार का यह महत्वपूर्ण कदम नूंह जिले के दूरदराज के गांवों में रहने वाले नागरिकों को उनके घर के समीप ही उच्च कोटि की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता दोनों में उल्लेखनीय सुधार होगा।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
