Friday , 11 September 2026
गुरुग्राम राधिका यादव मर्डर केस

गुरुग्राम राधिका यादव मर्डर केस में पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

गुरुग्राम,11 जुलाई : टेनिस स्टार राधिका यादव की हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। 25 वर्षीय राधिका, जो जूनियर इंटरनेशनल टेनिस प्लेयर रह चुकी थीं और हाल ही में अपनी खुद की टेनिस एकेडमी चला रही थीं, को उसके ही पिता दीपक यादव ने गोली मार दी। पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि समाज के तानों और आपसी झगड़ों ने एक पिता को हैवान बना दिया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

गुरुवार को सेक्टर 57 के सुशांत लोक फेस-2 स्थित घर में यह दर्दनाक घटना घटी। पुलिस के अनुसार, राधिका किचन में खाना बना रही थीं, तभी उसके पिता ने पीछे से तीन गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही राधिका खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की शुरुआती जांच और चाचा कुलदीप यादव की FIR के मुताबिक, राधिका और उसके पिता के बीच पिछले कई दिनों से एकेडमी बंद करने को लेकर झगड़ा हो रहा था। दीपक यादव को लोग ताने मारते थे कि वह बेटी की कमाई खा रहा है, जिससे वह मानसिक तनाव में था। इसी तनाव और गुस्से में आकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

पूछताछ में आरोपी पिता ने बताया कि राधिका टेनिस में बहुत नाम कमा चुकी थी, लेकिन एक कंधे की चोट के बाद उसने खेल छोड़कर कोचिंग शुरू कर दी थी। एकेडमी से हो रही अच्छी कमाई और समाज की बातें दीपक को नागवार गुजर रही थीं। गुरुवार को जब राधिका ने पिता की बात नहीं मानी, तो उसने गुस्से में आकर उसे गोली मार दी।

राधिका का टेनिस करियर बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (ITF) के कई टूर्नामेंट्स में भाग लिया था और डबल्स में 113वीं रैंक तक पहुंची थीं। वह AITA विमेन सिंगल्स और डबल्स में भी टॉप 100 खिलाड़ियों में शामिल थीं। उन्होंने हरियाणा और देश का कई बार नाम रोशन किया।

इस दुखद घटना ने न सिर्फ खेल जगत को, बल्कि पूरे समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है। एक बेटी, जो अपने दम पर आगे बढ़ रही थी, उसे अपनों के ही हाथों जान गंवानी पड़ी। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। राधिका की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं – क्या बेटियों की सफलता अब भी समाज के लिए बोझ है?

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *