कुरुक्षेत्र, 29 मई 2025 — हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक बार फिर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित विकसित कृषि संकल्प अभियान के शुभारंभ पर किसानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “कांग्रेस ने 55 वर्षों तक सत्ता में रहकर किसानों की अनदेखी की, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 से अब तक किसानों को सशक्त, आत्मनिर्भर और भारत की रीढ़ बनाने का काम किया है।”
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में की गई बढ़ोतरी इसका स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने चुनावों के दौरान किसानों को गुमराह करने की कोशिश की और अफवाह फैलाई कि मोदी सरकार MSP खत्म कर देगी। “हकीकत यह है कि मोदी सरकार ने MSP में लगातार बढ़ोतरी करके किसानों के हित में ठोस कार्य किया है,” सैनी ने जोर देते हुए कहा।
हरियाणा बना किसानों की आवाज़
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार किसानों के कल्याण के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठा चुकी है। हरियाणा देश का पहला राज्य बना है जिसने सभी फसलों की सरकारी खरीद MSP पर करने का निर्णय लिया है। किसानों को मंडी के जोखिम से बचाने के लिए ‘भावांतर भरपाई योजना’ लागू की गई है, जिसके तहत 111 करोड़ रुपये किसानों को दिए जा चुके हैं।
डिजिटल युग में किसानों को सीधा लाभ
सीएम सैनी ने बताया कि ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’ के तहत हरियाणा के 20 लाख किसानों के खातों में 6,563 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए हैं। इसके साथ ही, ई-खरीद पोर्टल के माध्यम से पिछले 10 सीजनों में 12 लाख किसानों को 1.48 लाख करोड़ रुपये MSP के रूप में उनके खातों में डाले गए हैं।
विपक्ष पर हमला, किसानों से समर्थन की अपील
मुख्यमंत्री ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “जिन्होंने वर्षों तक किसानों के हक को छीना, उन्हें आज सवाल उठाने से पहले खुद के गिरेबान में झांकना चाहिए।” उन्होंने कहा कि विपक्षी बयानबाजी किसानों को भ्रमित करती है और इससे नुकसान केवल किसान का ही होता है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
