चंडीगढ़,21 जनवरी। हरियाणा की राजनीति में इन दिनों एक नया अध्याय खुलता दिखाई दे रहा है। जहां एक ओर कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा लगातार प्रदेश सरकार की नीतियों और कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सरकार को घेरने में लगे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के ही विधायक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की खुले मंच से तारीफ कर रहे हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
नारायणगढ़ में शैली चौधरी ने की सैनी की सराहना
नारायणगढ़ में आयोजित एक जनसभा में कांग्रेस विधायक शैली चौधरी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तारीफ करते हुए उन्हें “नारायणगढ़ का बेटा” बताया। चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री को नारायणगढ़ की समस्याओं की पूरी जानकारी है और उन्हें कुछ भी बताने की आवश्यकता नहीं। हालांकि, उन्होंने मुख्यमंत्री से नारायणगढ़ के लिए एक मेडिकल कॉलेज की मांग जरूर रखी। जनसभा के बाद शैली चौधरी मुख्यमंत्री की कार में उनके साथ बड़ागढ़ में आयोजित कबड्डी महाकुंभ के कार्यक्रम में भी गईं।
2014 में विधायक बने थे नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 2014 में पहली बार नारायणगढ़ सीट से विधानसभा चुनाव जीता था। हालांकि, यह सीट भारतीय जनता पार्टी के लिए हमेशा से चुनौतीपूर्ण रही है। शैली चौधरी, जो कांग्रेस की कुमारी सैलजा गुट से जुड़ी मानी जाती हैं, लगातार दूसरी बार नारायणगढ़ से विधायक बनी हैं। वह इस सीट से विधायक बनने वाली पहली महिला हैं।
सेतिया भी कर चुके हैं मुख्यमंत्री की प्रशंसा
यह पहला मौका नहीं है जब किसी कांग्रेस विधायक ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तारीफ की हो। इससे पहले सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया भी खुले मंच से मुख्यमंत्री और उनकी कार्यशैली की प्रशंसा कर चुके हैं। सेतिया ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री अनिल विज के साथ मंच साझा कर कांग्रेस के भीतर हलचल मचा दी थी।
कांग्रेस के लिए बढ़ सकती हैं मुश्किलें
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस के भीतर गुटबाजी और खींचतान के चलते पार्टी पहले से ही परेशान है। अब शैली चौधरी और गोकुल सेतिया जैसे नेताओं का मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तारीफ करना पार्टी के लिए नई चुनौतियां खड़ी कर सकता है। इससे मुख्यमंत्री सैनी न केवल अपनी राजनीतिक ताकत को और मजबूत कर रहे हैं, बल्कि कांग्रेस के भीतर सियासी हलचल को और तेज कर रहे हैं।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
