चंडीगढ़, 25 जुलाई 2025: हिमाचल प्रदेश के मंडी से बीजेपी सांसद और बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत के नशे को लेकर दिए गए बयान ने पंजाब की सियासत में तूल पकड़ लिया है। आम आदमी पार्टी के वित्त मंत्री और विधायक हरपाल सिंह चीमा ने कंगना के बयानों की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें अपने शब्दों पर नियंत्रण रखना चाहिए। उन्होंने कंगना को अक्सर मीडिया में बने रहने के लिए उलझन भरी और बेतुकी बातें करने वाला बताया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!हरपाल चीमा ने कंगना की आलोचना की
हरपाल चीमा ने कहा, “कंगना रनौत को अभी तक समाज की सही समझ नहीं है। वह लगातार समाज और महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणियां करती रहती हैं, जिसकी हम कड़ी निंदा करते हैं।” उन्होंने कहा कि नशे की समस्या सिर्फ हिमाचल तक सीमित नहीं है और राष्ट्रीय रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर स्थिति में है।
पंजाब को नशे से जोड़ना गलत: चीमा
चीमा ने स्पष्ट किया कि यदि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे भाजपा शासित राज्यों की बात करें तो वहां की स्थिति पंजाब से कहीं अधिक गंभीर है। पंजाब ने नशे के खिलाफ पहले ही कड़े कदम उठाए हैं और राज्य सरकार इस दिशा में लगातार प्रयासरत है।
गुजरात को बताया ड्रग तस्करी का बड़ा मार्ग
हरपाल चीमा ने कहा, “देश में सबसे अधिक ड्रग्स गुजरात के रास्ते सप्लाई होती हैं। यह बात पूरे देश को पता है। जब भी गैंगस्टरों या ड्रग तस्करी की बात होती है, तो उसका लिंक अक्सर गुजरात से जुड़ता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी गुजरात से आते हैं। ऐसे में कंगना रनौत को सबसे पहले गुजरात जाकर वहां की स्थिति का सर्वे करना चाहिए।”
कंगना का विवादित बयान
कंगना रनौत ने दिल्ली में कहा था कि हिमाचल में ड्रग्स का संकट बहुत गंभीर हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कड़े कदम नहीं उठाए गए तो हिमाचल का हाल पंजाब के उन गांवों जैसा हो जाएगा जहां केवल महिलाएं और विधवाएं रह गई हैं। कंगना ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान से ड्रग्स पंजाब के रास्ते हिमाचल पहुंच रही हैं। उन्होंने बताया कि बच्चे अपने माता-पिता के गहने बेच रहे हैं, नशे की हालत में युवा कमरे में बंद होकर चिल्लाते हैं, चोरी-छिपे गाड़ियां तोड़ते हैं और घर में तोड़फोड़ करते हैं।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
