अंबाला: यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए अंबाला रेल मंडल की ओर से लगातार नई सुविधाएं शुरू की जा रही हैं। इसी कड़ी में अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन समेत मंडल के अन्य स्टेशनों पर ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीन (AVM) लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इन मशीनों के जरिए यात्रियों को जरूरी सामान खरीदने के लिए दुकानों या काउंटर पर लंबी कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी। यात्री मशीन के माध्यम से अपनी जरूरत का सामान आसानी से खरीद सकेंगे।
अंबाला कैंट स्टेशन पर लगेंगी 5 मशीनें
वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला रेल मंडल यशनजीत सिंह ने बताया कि रेलवे का प्रयास है कि यात्रियों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं और स्टेशन पर उनका समय सुविधाजनक तरीके से बीते।
उन्होंने बताया कि जिस तरह एयरपोर्ट पर ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीनों के जरिए सामान उपलब्ध कराया जाता है, उसी तर्ज पर अब रेलवे स्टेशनों पर भी यह सुविधा शुरू की जा रही है।
AVM लगाने के लिए रेलवे की ओर से ऑक्शन प्रक्रिया करवाई गई थी। अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर फिलहाल 5 ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीनें लगाने की प्रक्रिया की गई है। वहीं, अंबाला रेल मंडल के अन्य 3 से 4 स्टेशनों पर भी मशीनों के लिए ऑक्शन हो चुका है और वहां इन्हें लगाया जा रहा है।
सामान की गुणवत्ता और निर्धारित मात्रा पर रहेगा ध्यान
वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक ने कहा कि ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीनों का उद्देश्य यात्रियों को खरीदारी का एक सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध करवाना है। रेलवे की कोशिश है कि यात्रियों को अच्छी गुणवत्ता का सामान और निर्धारित मात्रा मिले।
इसके साथ ही किसी भी यात्री के साथ ठगी न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। रेलवे स्टेशनों पर अच्छे ब्रांड और बेहतर खान-पान की सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास भी जारी है।
एग्जीक्यूटिव लाउंज और रिटायरिंग रूम भी होंगे बेहतर
रेलवे की ओर से केवल वेंडिंग मशीनों पर ही फोकस नहीं किया जा रहा, बल्कि यात्रियों के लिए एग्जीक्यूटिव लाउंज, रिटायरिंग रूम और अन्य यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी काम किया जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में यात्रियों को स्टेशनों पर कई और नई सुविधाएं देखने को मिल सकती हैं।
यात्रियों ने सुविधा का किया स्वागत
रेलवे स्टेशन पर ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीन की सुविधा शुरू होने पर यात्रियों ने भी इसका स्वागत किया है। यात्रियों का कहना है कि मशीनों के जरिए सामान खरीदना आसान हो गया है।
यात्रियों के मुताबिक अब सामान खरीदने के लिए दुकानों पर लंबी कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही खुले पैसे रखने की परेशानी भी कम होगी। डिजिटल पेमेंट की सुविधा होने के कारण यात्रियों को नकदी रखने की जरूरत भी कम महसूस होगी।
यात्रियों ने कहा कि जरूरत के समय मशीन से सामान आसानी से खरीदा जा सकता है और इससे उनका समय भी बचेगा। यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों का इस सुविधा के लिए आभार जताते हुए भविष्य में ऐसी अन्य सुविधाएं शुरू करने की मांग की।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
