Tuesday , 28 July 2026
हरियाणा में छात्र राजनीति को मिलेगी नई धार! 5 अगस्त को INSO मनाएगा 'छात्र विजय दिवस', दिग्विजय चौटाला ने आंदोलन का किया ऐलान

हरियाणा में छात्र राजनीति को मिलेगी नई धार! 5 अगस्त को INSO मनाएगा ‘छात्र विजय दिवस’, दिग्विजय चौटाला ने आंदोलन का किया ऐलान

चंडीगढ़, 27 जुलाई। हरियाणा में छात्रसंघ चुनावों की बहाली को लेकर जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने एक बार फिर बड़ा राजनीतिक और छात्र अभियान शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि छात्र संगठन इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (INSO) का 24वां स्थापना दिवस इस वर्ष ‘छात्र विजय दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इसके साथ ही राज्यभर में प्रत्यक्ष छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिरसा में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि 5 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम में दिल्ली सहित विभिन्न क्षेत्रों से छात्र नेतृत्व और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि छात्र राजनीति को नई ऊर्जा मिल सके और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने की दिशा में पहल हो।

शैक्षणिक संस्थानों में चलाया जाएगा व्यापक अभियान

दिग्विजय चौटाला ने बताया कि छात्रसंघ चुनावों की मांग को लेकर प्रदेश के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में चरणबद्ध अभियान चलाया जाएगा। विभिन्न छात्र संगठनों के साथ समन्वय बनाकर ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से छात्रों को जोड़ा जाएगा। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक तरीके से सरकार पर दबाव बनाकर प्रत्यक्ष छात्रसंघ चुनाव सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल चुनावों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि छात्रों के अधिकारों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।

2017-18 के आंदोलन का किया उल्लेख

जेजेपी नेता ने कहा कि वर्ष 2017-18 में भी INSO ने छात्रसंघ चुनावों की बहाली के लिए प्रदेशभर में आंदोलन किया था। उनके अनुसार उस समय सरकार की ओर से आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया, लेकिन चुनाव बहाल नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि अब छात्रों के विश्वास को ध्यान में रखते हुए दोबारा बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा।

पेपर लीक और शिक्षा बोर्ड को लेकर सरकार पर निशाना

प्रेस वार्ता में दिग्विजय चौटाला ने हरियाणा में पेपर लीक की घटनाओं और शिक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती और परीक्षा प्रक्रियाओं में गड़बड़ियों के कारण अनेक योग्य युवाओं को नुकसान हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा से जुड़े सीसीटीवी स्टोरेज डिवाइस के गायब होने जैसे मामलों की शिकायत राज्यपाल के समक्ष रखी जाएगी। यदि वहां से भी उचित कार्रवाई नहीं होती है तो मामले को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में ले जाने पर विचार किया जाएगा।

विश्वविद्यालयों की कार्यप्रणाली पर भी उठाए सवाल

दिग्विजय चौटाला ने विश्वविद्यालयों में कुलपति, रजिस्ट्रार और अन्य प्रमुख पदों पर नियुक्तियों को लेकर भी अपनी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि शैक्षणिक संस्थानों की स्वतंत्रता प्रभावित हो रही है और विश्वविद्यालयों के वातावरण को एक विशेष विचारधारा की ओर मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता और अकादमिक माहौल को बनाए रखना जरूरी है।

छात्र आंदोलनों के समर्थन में रखी बात

उन्होंने हाल के छात्र आंदोलनों का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी एकजुटता दिखाई है। उन्होंने शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई। साथ ही कहा कि छात्रों पर दर्ज मामलों को लेकर युवा अब पीछे हटने वाले नहीं हैं और अपने अधिकारों के लिए संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *