Thursday , 3 September 2026
बिजली संबंधी समस्याओं

बिजली उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर, पंचकूला जोन में 7, 14, 21 और 28 सितंबर को लगेंगे शिकायत निवारण मंच|

चंडीगढ़: उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) ने उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं के जल्द समाधान के लिए जोनल उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की तारीखें जारी की हैं। पंचकूला जोन के अंतर्गत आने वाले जिलों के उपभोक्ताओं की शिकायतों पर 7, 14, 21 और 28 सितंबर 2026 को सुनवाई की जाएगी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

1 लाख से 3 लाख रुपये तक के वित्तीय विवादों की होगी सुनवाई

बिजली निगम के प्रवक्ता के अनुसार, रेगुलेशन 2.8.2 के तहत जोनल उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच 1 लाख रुपये से अधिक और 3 लाख रुपये तक के वित्तीय विवादों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करेगा।

पंचकूला जोन में कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, कैथल और यमुनानगर जिले शामिल हैं। इन जिलों के उपभोक्ता अपनी बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए मंच के समक्ष मामला रख सकते हैं।

इन शिकायतों का होगा निपटारा

फोरम में उपभोक्ताओं से जुड़े कई तरह के बिजली मामलों की सुनवाई की जाएगी। इनमें मुख्य रूप से:

  • गलत बिजली बिल से संबंधित शिकायतें
  • बिजली की दरों से जुड़े मामले
  • मीटर सिक्योरिटी से संबंधित मामले
  • खराब मीटर से जुड़े मामले
  • कम या ज्यादा वोल्टेज से संबंधित शिकायतें

इन मामलों के समाधान के लिए उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत शिकायत प्रस्तुत करनी होगी।

बिजली चोरी और दुर्घटना के मामलों पर नहीं होगी सुनवाई

बिजली निगम ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी, बिजली के दुरुपयोग तथा घातक या गैर-घातक बिजली दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों पर इस मंच में विचार नहीं किया जाएगा।

शिकायत से पहले जमा करनी होगी निर्धारित राशि

बिजली निगम और उपभोक्ता के बीच वित्तीय विवाद होने पर शिकायत फोरम में प्रस्तुत करने से पहले उपभोक्ता को निर्धारित राशि जमा करवानी होगी। यह राशि पिछले छह महीनों में उपभोक्ता द्वारा भुगतान किए गए औसत बिजली शुल्क के आधार पर प्रत्येक माह की दावा की गई राशि या उसके द्वारा देय बिजली शुल्क के बराबर राशि में से जो कम होगी, उसके अनुसार निर्धारित की जाएगी।

इसके अलावा, उपभोक्ता को यह भी प्रमाणित करना होगा कि संबंधित मामला किसी अदालत, प्राधिकरण या अन्य फोरम में लंबित नहीं है। न्यायालय या किसी अन्य फोरम में विचाराधीन मामलों पर इस मंच की बैठक में सुनवाई नहीं की जाएगी।

उपभोक्ता संतुष्टि पर निगम का जोर

उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अनुसार, उपभोक्ताओं को विश्वसनीय, अच्छी वोल्टेज और निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाने के साथ उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान करना निगम की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच के माध्यम से समस्याओं के समाधान की व्यवस्था की गई है।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *