उत्तर प्रदेश | 08 नवम्बर।समाजवादी पार्टी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकारों की नीतियों से जनता के बेहाल होने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि प्रदेश के आगामी नगरीय निकाय चुनाव में जनता भाजपा को जवाब देगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अखिलेश ने यहां एक बयान में कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की नीतियों से जनता बेहाल है। निकाय चुनावों के परिणाम से जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने जिस तरह व्यापारियों, किसानों, छात्रों-नौजवानों को प्रताड़ित किया है उससे जनमानस में रोष व्याप्त है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की पूर्ववर्ती समाजवादी सरकार में गांवों के विकास के साथ ही नगरों में जनसुविधाओं का जो बुनियादी ढ़ांचा विकसित किया गया था, उसे भी भाजपा सरकार ने तहस-नहस कर दिया है।
इस बीच, सपा प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि पार्टी मुखिया अखिलेश ने उत्तर प्रदेश के सभी 16 नगर निगमों के महापौर पद के अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिये हैं।
लखनऊ से मीरा वर्धन, आगरा से राहुल चतुर्वेदी, फिरोजाबाद से राजनारायण मुन्ना गुप्ता, इलाहाबाद से विनोद चंद दूबे, कानपुर से माया गुप्ता, गाजियाबाद से राशि गर्ग, सहारनपुर से साजिद चौधरी, वाराणसी से साधना गुप्ता, मथुरा से श्याम मुरारी वाल्मीकि, मेरठ से दीपू मनेठिया बाल्मीकि, बरेली से डाक्टर आई. एस. तोमर, मुरादाबाद से यूसुफ अंसारी, अलीगढ़ से मुजाहिर किदवई, झांसी से राहुल सक्सेना, अयोध्या से गुलशन बिन्दू और गोरखपुर से राहुल गुप्ता समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी होंगे।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
