गुरुग्राम, 29 जून – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का आयोजन आज हरियाणा के गुरुग्राम में बड़े स्तर पर किया गया। इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल कौशिक सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस अवसर पर हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित हुए और प्रधानमंत्री के विचारों को सामूहिक रूप से सुना।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कार्यक्रम का आयोजन बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के जीएनएच कन्वेंशन सेंटर में किया गया, जहां बूथ संख्या 4 के अंतर्गत आमजन और कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने देशहित में कार्य करने वाले आम नागरिकों की कहानियों को साझा किया, जिससे सभी को प्रेरणा मिली।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी ‘मन की बात’ के माध्यम से आम नागरिकों के प्रेरणादायक अनुभव साझा करते हैं, जिससे देशभर में सकारात्मक माहौल बनता है।” उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जन-जन तक सरकार की सोच, योजनाओं और भावनाओं को पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन चुका है।
आयुष्मान कार्ड का वितरण
इस अवसर पर भाजपा नेताओं द्वारा आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। यह कदम सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक मजबूत पहल साबित हो रहा है।
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान की शुरुआत
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह के साथ मिलकर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया। यह आयोजन गुरुग्राम के वाटिका चौक के समीप फॉरेस्ट कॉरिडोर में संपन्न हुआ, जिसे वन विभाग द्वारा विकसित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस अभियान में भाग लें और अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाकर उसे संरक्षित करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि “यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि यह हरियाणा को हरा-भरा बनाने और जलवायु परिवर्तन से लड़ने में भी सहायक होगा।”
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिनमें सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव, डीसी अजय कुमार, निगमायुक्त प्रदीप दहिया, और भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी प्रमुख रूप से शामिल थे।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
