अंबाला, 19 जून – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज एक बार फिर जनता की आवाज बने नजर आए। अंबाला छावनी स्थित अपने आवास पर जनसुनवाई के दौरान उन्होंने आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सबसे संवेदनशील मामला एक युवती से जुड़ा रहा, जिसने शिकायत की कि पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसका मोबाइल नंबर अश्लील संदेशों के साथ सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। युवती ने बताया कि यह सब बदनाम करने की नीयत से किया गया। मंत्री विज ने तुरंत डीएसपी रमेश कुमार को आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके अलावा, ठगी के दो अलग-अलग मामलों में भी मंत्री विज ने पुलिस को जांच कर केस दर्ज करने को कहा। एक महिला ने बताया कि पुश्तैनी जमीन की बिक्री के बाद उसके हिस्से के ₹16 लाख नहीं मिले, वहीं एक व्यक्ति ने अपने बेटे को विदेश भेजने के नाम पर 5.10 लाख रुपये की ठगी की शिकायत की।
हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में बढ़ेगी पुलिस गश्त
हाउसिंग बोर्ड इलाके के लोगों ने क्षेत्र में हो रही चोरी और शरारती तत्वों की शिकायत की, जिस पर मंत्री विज ने गश्त बढ़ाने और कड़ी निगरानी के आदेश दिए।
यूनियन और आम जनता ने उठाईं स्थानीय मांगें
मंत्री विज को PWD मेकैनिकल वर्कर यूनियन ने मांग पत्र सौंपा। वहीं, पेंशन, घरेलू हिंसा, ट्रांसफार्मर लोड, सड़क चौड़ीकरण जैसी समस्याएं लेकर पहुंचे आम नागरिकों की भी उन्होंने सुनवाई की और सभी मामलों में संबंधित विभागों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
