Saturday , 12 September 2026

हरियाणा में बाढ़ नियंत्रण के लिए 657.99 करोड़ की योजनाएं मंजूर, सीएम सैनी ने दिए सख्त निर्देश

चंडीगढ़, 15 मार्च – हरियाणा के मुख्यमंत्री नयाब सिंह सैनी ने मानसून से पहले राज्य के सभी नालों और नहरों की सफाई सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जलभराव और बाढ़ की समस्या से बचने के लिए उपायुक्त (DCs) अपनी निगरानी में इन कार्यों को तेजी से पूरा कराएं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

मुख्यमंत्री हरियाणा राज्य सूखा राहत एवं बाढ़ नियंत्रण बोर्ड की 56वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ नियंत्रण की रणनीति को और मजबूत किया जाए, ताकि गांवों और शहरों में बारिश का पानी लोगों के घरों और खेतों में न घुसे।

 

बाढ़ नियंत्रण के लिए 657.99 करोड़ रुपये की 352 योजनाओं को मंजूरी

हरियाणा सरकार ने बाढ़ नियंत्रण और जलभराव की समस्या से निपटने के लिए 657.99 करोड़ रुपये की 352 योजनाओं को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छोटे और त्वरित समाधान वाले कार्यों को तुरंत शुरू किया जाए और सभी पंपों की खरीद 30 जून से पहले पूरी हो।

 

उन्होंने कहा कि बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में जल निकासी के लिए विभिन्न प्रकार के पंप, मोटर और पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्राथमिकता से पूरा किया जाए। अब तक 619 बाढ़ नियंत्रण परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं, जबकि 302 परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।

 

यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सख्त निर्देश

सीएम नयाब सिंह सैनी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि किसी भी हाल में गंदा पानी या औद्योगिक कचरा यमुना में न डाला जाए। उन्होंने उपायुक्तों को अपने जिलों में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) लगाने के आदेश दिए, ताकि यमुना में गिरने वाले गंदे पानी को पूरी तरह रोका जा सके।

 

विशेष रूप से पानीपत, सोनीपत, पलवल और यमुनानगर के डीसी को इस पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार यमुना को स्थायी रूप से स्वच्छ बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

 

बाढ़ नियंत्रण के लिए स्थायी समाधान पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पहले से निर्मित बाढ़ नियंत्रण संरचनाओं का रिव्यू किया जाए और जो संरचनाएं काम नहीं कर रही हैं, उन्हें तुरंत ठीक किया जाए। उन्होंने इस कार्य की निगरानी के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल बनाने के निर्देश भी दिए, जिस पर हर जिले के उपायुक्त अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

 

धान की खेती को हतोत्साहित करने के लिए ‘ज़ीरो पैडी एरिया’ का सुझाव

सीएम सैनी ने जल संरक्षण पर जोर देते हुए किसानों को धान की खेती छोड़कर वैकल्पिक फसलें अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा। उन्होंने ‘ज़ीरो पैडी एरिया’ बनाने का सुझाव दिया और कहा कि जो पंचायतें इस दिशा में अच्छा कार्य कर रही हैं, उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

 

उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए एक लघु फिल्म या वीडियो तैयार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक किसान धान की खेती के बजाय जल संरक्षण के अनुकूल फसलों की ओर आकर्षित हों।

 

बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह एवं वित्तायुक्त) सुमिता मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल, लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के आयुक्त एवं सचिव मोहम्मद शायिन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *