नई दिल्ली, 2 जुलाई: हरियाणा सरकार राज्य को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में बड़ी पहल करने जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पर्यटन के क्षेत्र में नए अध्याय की शुरुआत करते हुए दिल्ली-एनसीआर में डिज़नी लैंड जैसी मनोरंजन परियोजना लाने की योजना का ऐलान किया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए गुरुग्राम के मानेसर स्थित पचगांव चौक के पास 500 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में केंद्रीय सांस्कृतिक एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से भेंट कर इस प्रस्ताव पर चर्चा की और अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के लिए केंद्र से आर्थिक सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यह डिज़नी लैंड प्रोजेक्ट रोजगार, बुनियादी ढांचे और विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।
इसके साथ ही सूरजकुंड मेला ग्राउंड को वर्ष में तीन बार सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। अब हर साल यहां पारंपरिक अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेला, दीपावली मेला और पुस्तक मेला आयोजित होंगे। इससे देश-विदेश के शिल्पकारों और कलाकारों को नया मंच मिलेगा और हरियाणा की सांस्कृतिक विविधता को पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को वैश्विक स्तर पर प्रसारित करने के लिए केंद्र से वित्तीय सहयोग बेहद जरूरी है। इस महोत्सव में विश्वभर के शिल्पकार और कलाकार भाग लेते हैं, जो हरियाणा को आध्यात्मिक पर्यटन का केंद्र बना सकते हैं।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
