नई दिल्ली, 15 फरवरी: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कैंसर एक गंभीर बीमारी है, लेकिन अगर समय पर इसके लक्षणों की पहचान कर ली जाए तो इसका इलाज संभव है। मुख्यमंत्री यह बात शनिवार को नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कही, जहां उन्होंने कैंसर सर्वाइवर बच्चों, उनके अभिभावकों और चिकित्सकों से बातचीत की। यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय बाल कैंसर दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री ने कैंसर से लड़ाई जीतने वाले बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही, उन्होंने इन बच्चों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों को भी देखा, जिन पर बच्चों ने अपनी हाथों की छाप दी थी। मुख्यमंत्री ने उन कलाकृतियों पर हस्ताक्षर करते हुए बाल कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
सैनी ने इस अवसर पर कहा, “बीते कुछ वर्षों में कैंसर की बीमारी तेजी से बढ़ रही है और यह हर आयु वर्ग के लोगों को प्रभावित कर रहा है। इस बीमारी से बचाव में जागरूकता का महत्वपूर्ण योगदान है। यदि कैंसर के लक्षण समय पर पहचाने जाएं और उचित जांच व उपचार किया जाए, तो इसे नियंत्रित किया जा सकता है।”
मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम में फोर्टिस अस्पताल, गुरुग्राम के चिकित्सकों से भी बातचीत की और कैंसर से जूझ रहे बच्चों के उपचार में उनके योगदान को सराहा। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा सरकार कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पीड़ितों को सहायता प्रदान करने के लिए कई कदम उठा रही है।
हरियाणा सरकार ने कैंसर मरीजों को मदद पहुंचाने के लिए कई पहलें की हैं। राज्य परिवहन की बसों में कैंसर पीड़ितों को निशुल्क यात्रा प्रदान की जा रही है, साथ ही उन्हें सामाजिक सुरक्षा के लिए मासिक पेंशन भी दी जा रही है। इसके अलावा, राज्य भर में जागरूकता रैलियां, सेमिनारों और स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में अंबाला में अटल कैंसर अस्पताल, पीजीआईएमएस रोहतक, नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट झज्जर और डे-केयर सेंटर्स के माध्यम से कैंसर पीड़ितों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
इस अवसर पर फोर्टिस अस्पताल के डॉक्टरों – डा. विकास दुआ, डा. अरुण दनेवा, डा. सोहिनी, डा. स्वाति, डा. सुनिशा, डा. यश रावत, और अभिषेक शर्मा के साथ बच्चों के अभिभावक भी उपस्थित थे।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
