Saturday , 25 July 2026

दिल्ली के कर्तव्य पथ पर हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिकता की झलक

चंडीगढ़, 23 जनवरी – इस गणतंत्र दिवस पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर हरियाणा की झांकी ‘समृद्ध हरियाणा: विरासत और विकास’ प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर और आधुनिक प्रगति का अद्भुत प्रदर्शन करेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस झांकी को हरियाणा के लिए गर्व का प्रतीक बताया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि झांकी में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा हरियाणा की धरती पर दिए गए श्रीमद्भगवद गीता के ज्ञान को दिखाया गया है, जो प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इसके साथ ही, आधुनिक हरियाणा को दर्शाने के लिए किसान आईटी के माध्यम से अपनी फसल का ब्यौरा भरते और उपज का भाव देखते नजर आएंगे।

 

पैरालंपिक विजेताओं पर रहेगी नजर:

झांकी का मुख्य आकर्षण हरियाणा के पैरालंपिक मेडल विजेता खिलाड़ी होंगे। इनमें नितेश कुमार (बैडमिंटन), हरविंद्र सिंह (शूटिंग), योगेश कथूनिया (डिस्कस थ्रो), अरुणा तंवर (ताइक्वांडो) और तरुण ढिल्लो (बैडमिंटन) शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “ये खिलाड़ी लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं।”

 

गुरुग्राम के शहरीकरण मॉडल की झलक:

झांकी के अंतिम भाग में गुरुग्राम की गगनचुंबी इमारतों और पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल को प्रदर्शित किया जाएगा। गुरुग्राम, जो देश के प्रमुख आईटी हब और सॉफ्टवेयर निर्यातकों में से एक है, हरियाणा की औद्योगिक प्रगति का प्रतीक है।

 

लगातार चौथी बार झांकी का प्रदर्शन:

हरियाणा की झांकी लगातार चौथी बार कर्तव्य पथ पर प्रदर्शित हो रही है। मुख्यमंत्री ने इसे हरियाणा के विकास और मेहनतकश लोगों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने कृषि, खेल, आईटी और औद्योगिकीकरण जैसे क्षेत्रों में अग्रणी स्थान हासिल किया है।

 

फुल ड्रेस रिहर्सल में झांकी की झलक:

गुरुवार को गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल में इस झांकी को प्रदर्शित किया गया। अब यह झांकी 26 जनवरी को मुख्य समारोह में देशवासियों के सामने प्रस्तुत की जाएगी।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *