Sunday , 26 July 2026

सरपंच के घर घुस कर की फायरिंग,एक को उतरा मौत के घाट

फतेहाबाद के गांव सुखमनपुर में शुक्रवार को फाग के दिन खूनी होली खेली गई। गांव में पंचायती चुनाव की रंजिश में दो गुटों में विवाद हो गया और नौबत यहां तक आ गई कि गांव की सरपंच के चचेरे देवर की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं एक महिला और एक व्यक्ति घायल हो गए। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक दर्जन लोगों को नामजद किया है और करीब दो दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।  आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है।
इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए डीएसपी रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को सुखमनपुर की सरपंच सीमा के पति ईश्वर सिंह ने शिकायत दी कि शुक्रवार को चुनावी रंजिश के चलते विपक्षी पार्टी ने घर आकर उन पर  हमला का दिया। ईश्वर सिंह के मुताबिक पंचायत चुनाव में उसकी पत्नी सीमा ने सरपंच पद पर चुनाव लड़ा था और हमलावर पक्ष चुनाव हार गया था। डीएसपी ने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया कि चुनावी रंजिश में गांव की सरपंच सीमा पत्नी ईश्वर सिंह के घर आकर चुनाव हारने वाले पक्ष ने हमला किया और झगड़े में फायरिंग भी की। पुलिस शिकायत में आरोप लगाया गया कि फायरिंग करते हुए सरपंच के चचेरे देवर को सीधी गोली मारी गई, अस्पताल ले जाते हुए रवि की मौत हो गई। वहीं फायरिंग में सरपंच के परिवार की एक महिला और एक व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं गांव में घटना के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। डीएसपी ने बताया कि गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।  फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी हालात से निपटने के लिए पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। डीएसपी ने कहा कि आरोपी पक्ष के लोग जल्द ही पुलिस गिरफ्त में होंगे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *