पंचकूला , 10 जून 2025: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को पंचकूला में आयोजित एक प्रेस वार्ता में विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “विपक्ष अब केवल विरोध के लिए विरोध की राजनीति कर रहा है,” जबकि जनता केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से सीधे लाभान्वित हो रही है। मुख्यमंत्री ने यह टिप्पणी केंद्र सरकार के 11 गौरवशाली वर्षों की उपलब्धियों के अवसर पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस मौके पर राज्य के कई वरिष्ठ मंत्री, सांसद और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे, जिसमें कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, महीपाल ढांडा, विपुल गोयल, श्याम सिंह राणा समेत अन्य नेता प्रमुख रूप से शामिल थे।
विकास योजनाओं को लेकर विपक्ष भ्रम फैला रहा – सैनी
सीएम सैनी ने आरोप लगाया कि विपक्ष सरकार की विकास योजनाओं को लेकर झूठा प्रचार कर रहा है, जबकि वास्तविकता यह है कि वे खुद भी इन योजनाओं से लाभ उठा रहे हैं, लेकिन इस पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने एनएच-152डी हाईवे परियोजना का उदाहरण देते हुए कहा कि “आज हरियाणा का हर नागरिक इस परियोजना की प्रशंसा कर रहा है, लेकिन विपक्ष इसे भी नकारात्मक तरीके से पेश कर रहा है।”
महिला सशक्तिकरण में हरियाणा बना अग्रणी राज्य
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33% आरक्षण मिला है, जबकि हरियाणा सरकार ने पंचायतों और शहरी निकायों में महिलाओं को 50% प्रतिनिधित्व देकर महिला सशक्तिकरण को ज़मीन पर उतारा है।
युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया – CET परीक्षा जल्द
सीईटी परीक्षा को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया सक्रिय रूप से जारी है और CET परीक्षा की तिथि जल्द घोषित की जाएगी। उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाया कि परीक्षा पूर्ण पारदर्शिता के साथ आयोजित होगी।
स्वच्छता और स्मार्ट सिटी मिशन को नई रफ्तार
मुख्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी योजना को लेकर कहा कि राज्य सरकार ने स्वच्छता और विकास को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे राष्ट्रीय स्तर की रैंकिंग प्राप्त करने के लिए नई योजनाएं और प्रतिस्पर्धा आधारित मॉडल विकसित करें।
21 जून को कुरुक्षेत्र में योग महोत्सव, बाबा रामदेव रहेंगे मुख्य आकर्षण
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि 21 जून को कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का राज्य स्तरीय आयोजन किया जाएगा, जिसमें योग गुरु बाबा रामदेव विशेष रूप से भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार योग दिवस की थीम “Yoga for One Earth, One Health” है, जिसे हरियाणा सरकार ने “योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा” के नारे के साथ जोड़ा है।
योग दिवस को लेकर राज्यभर में 27 मई से 25 जून तक जागरूकता कार्यक्रम, जैसे कि स्लोगन प्रतियोगिता, पेंटिंग और मैराथन, आयोजित किए जा रहे हैं।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
