पूंडरी, 26 सितंबर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अभिभावक की भांति महिलाओं के लिए शौचालय, स्वच्छ जल, सिर पर छत, सस्ता सिलेंडर और पोषण की चिंता की है, वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भाई की तरह उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए लाडो लक्ष्मी जैसी योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं स्वस्थ, शिक्षित और आत्मनिर्भर होंगी, तभी वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!शनिवार को हरियाणा राज्य आजीविका मिशन के तहत पूंडरी में पहचान महिला क्लस्टर फेडरेशन की वार्षिक आमसभा में हजारों स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता मंच की बजाय उनके बीच पहुंचीं और एनीमिया, पोषण, शिक्षा, आत्मनिर्भरता तथा नारी सशक्तिकरण पर चर्चा की। उन्होंने महिला को शक्ति स्वरूपा बताते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को दुर्गा, सरस्वती और देवी के रूप में पूजा जाता है। उन्होंने कहा कि महिलाएं केवल परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाली नहीं, बल्कि परिवार, समाज, हरियाणा और देश की प्रगति की आधारशिला हैं।
सेवा संकल्प अभियान के तहत संवाद में डॉ. गुप्ता ने कहा कि महिलाएं बच्चों और परिवार के पोषण का ध्यान रखते हुए अक्सर अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देती हैं। एनीमिया से बचाव के लिए उन्होंने हरी सब्जियां, पालक, बथुआ, चौलाई, दाल, काले चने, अंकुरित अनाज और मौसमी फलों को भोजन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कम बजट में भी पौष्टिक भोजन संभव है और महिलाओं को अपनी प्लेट में भी वही पोषण रखना चाहिए, जो वे बच्चों के लिए रखती हैं।
प्रदेशाध्यक्ष ने महिलाओं से संकल्प लेने का आह्वान किया कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन हों, बेटियों की पढ़ाई नहीं रुकनी चाहिए। अपने जीवन का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि समालखा में उनकी मां की जिद थी कि बेटी पढ़े और डॉक्टर बने। इसी संकल्प ने उन्हें डॉक्टर बनने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि हर मां अपनी बेटी को पढ़ाने की ठान ले तो कोई बाधा उसका रास्ता नहीं रोक सकती।
डॉ. गुप्ता ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से अपने हुनर को घर तक सीमित न रखकर व्यवसाय में बदलने को कहा। उन्होंने प्रशिक्षण के साथ उत्पादों की पैकेजिंग, मार्केटिंग और ऑनलाइन बिक्री सीखने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की मांग देश ही नहीं, विदेशों में भी हो सकती है और लंदन में रहने वाली अपनी बेटी के लिए हरियाणा के महिला समूहों से सामान खरीदकर भेजने का उदाहरण साझा किया।
उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी जब पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ेगी, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा। महिला का स्वास्थ्य, शिक्षा, सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता विकसित हरियाणा की मजबूत नींव है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गुर्जर, विधायक सतपाल जाम्बा, कैथल प्रभारी अमरपाल राणा, पूर्व विधायक लीलाराम, पूर्व विधायक फूल सिंह, चेयरमैन देवेंद्र पांचाल, पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष हजवाना, पूर्व जिलाध्यक्ष मनीष कठवाड, जिला परिषद चेयरपर्सन कर्मबीर कौल, मंडल अध्यक्ष मनोज राणा व सरोज प्रजापत सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
