नई दिल्ली,19 अप्रैल – राजधानी दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जब एक चार मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 28 से ज्यादा लोग मलबे में दबे होने की आशंका है। मौके पर एनडीआरएफ और दिल्ली फायर सर्विस की टीमें बीते 6 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!दमकल विभाग के अधिकारी राजेंद्र अटवाल ने जानकारी दी कि रात 2:50 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके तुरंत बाद बचाव दल मौके पर पहुंचा। उन्होंने बताया कि पूरी इमारत ताश के पत्तों की तरह गिर गई थी और कई लोग उसमें फंसे हुए थे।
CCTV फुटेज आया सामने: ताश के पत्तों की तरह ढही इमारत
इस दर्दनाक हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे इमारत रात 2:39 बजे अचानक भरभराकर गिरती है। गिरने के बाद पूरे इलाके में धूल का गुबार और अफरा-तफरी मच गई।
20 से ज्यादा लोग थे इमारत में, 10 को निकाला गया बाहर
सूत्रों के मुताबिक, घटना के वक्त इमारत में 20 से ज्यादा लोग मौजूद थे। अब तक 10 लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें 6 की मौत हो गई, जबकि बाकी का इलाज जीटीबी अस्पताल में चल रहा है।
मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। एक पीड़ित शहजाद अहमद ने बताया, “मेरे दो भतीजों की मौत हो गई है, मेरी बहन और बहनोई घायल हैं।”
खराब मौसम बना हादसे की वजह?
शुरुआती जांच में सामने आया है कि दिल्ली में शुक्रवार रात अचानक मौसम बदला। कई इलाकों में तेज बारिश और आंधी-तूफान आया, जिससे यह हादसा हो सकता है। इससे पहले मधु विहार में भी एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है।
जांच के आदेश, इमारत की मजबूती पर उठे सवाल
स्थानीय प्रशासन ने इमारत के निर्माण और उसकी मजबूती को लेकर जांच के आदेश दे दिए हैं। इलाके के लोगों में प्रशासन की लापरवाही को लेकर गहरा आक्रोश है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
