
हरियाणा डेस्क:- होडल, इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला की हरियाणा परिवर्तन पदयात्रा रविवार को 10वें दिन में प्रवेश कर गई। यह यात्रा गांव हसनपुर में पहुंची और यहां लोगों से मुलाकात करने के बाद अभय चौटाला की यात्रा आगे के लिए प्रस्थान कर गई। गांव हसनपुर में पहुंचने पर ग्रामीणों ने बड़े जोश के साथ यात्रा का स्वागत करते हुए खुद भी अभय सिंह चौटाला के साथ कदमताल मिलाते हुए पार्टी का झंडा हाथों में उठाए आगे बढ़े। पूरा गांव इनेलोमय नजर आया क्योंकि हर तरफ पार्टी के हरे झंडे थे और ‘अभय ही सत्य है’ के नारे सुनाई दिए। इस स्वागत और उत्साह से अभीभूत हुए अभय चौटाला ने बुजुर्गों से आशीर्वाद लेकर अपनी यात्रा को आगे बढ़ाया। इससे पूर्व उन्होंने यहां लोगों से बातचीत का सिलसिला शुरू किया तो अधिकांश लोगों ने अभय चौटाला को ये कहते हुए गले लगाया कि वे प्रदेश को बचाने के लिए बहुत बड़ा संघर्ष कर रहे हैं। इन लोगों ने ये भी कहा कि यह राह हरियाणा में परिवर्तन लेकर आएगी और निश्चित ही आने वाले समय में चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चलने वाली इनेलो की सरकार होगी। इस पर अभय चौटाला ने सभी का आभार जताते हुए बड़ी भावुक अपील की और कहा कि वे जिस पदयात्रा पर हैं, असल में उनका सरोकार हरियाणा और हरियाणवासियों से है। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 25 हजार पद खाली हैं। चिकित्सकों के हजारों पद खाली हैं। पुलिस विभाग में 20 हजार पद खाली पड़े हैं। हरियाणा 27 प्रतिशत आपराधिक दर साथ देश का सबसे असुरक्षित राज्य बन गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जब लोग अपने हकों को लेकर आवाज उठाते हैं उन पर डंडे बरसाए जाते हैं। ओल्ड पैंशन स्कीम की मांग कर रहे कर्मचारियों पर लाठियां बरसाई गईं। विद्यार्थियों ने अपना हक मांगा तो उन पर भी डंडे चलाए गए। अब दो दिन पहले चुने हुए जनप्रतिनिधियों पर लाठियां बरसाईं गई। इससे पहले सरकार ने 50 से अधिक बार किसानों पर लाठियां चलाने का काम किया। ऐसी तानाशाही सरकार को सबक सिखाने का वक्त आ गया है। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हम चौधरी देवीलाल के वारिस हैं और जनता की आवाज को दबने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान देश एवं प्रदेश की सरकार ने सभी वर्गों को दिशाहीन कर दिया है और तानाशाही नीतियों को लागू करके आम लोगों की कमर तोड़ी जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तो खुद अपने अस्तित्व को बचाने के लिए लड़ाई लड़ रही है तो ऐसे में यह पार्टी लोगों का क्या हित करेगी? इसका अनुमान सहज ही लगाया जा सकता है। उन्होंने पुन: विधानसभा में हुए घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि एक तरफ वे हरियाणा में व्याप्त भ्रष्टाचार के मुद्दे को उठा रहे थे तो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार का समर्थन करते हुए उल्टा उन्हें ही चुटकुले सुनाने लगे।अभय चौटाला ने कहा कि इससे साफ जाहिर हो गया है कि कांग्रेस गठबंधन सरकार की ही टीम का हिस्सा है। इनेलो नेता ने सभी से पूछा कि क्या वे मौजूदा शासन की नीतियों से खुश हैं तो सभी ने एक स्वर में यही दोहराया कि उनसे बहुत बड़ी भूल हो गई है। ऐसे में चौटाला ने कहा कि भूल सुधारने का समय आ रहा है। हकीकत में यही समय परिवर्तन का है और परिवर्तन की इस लड़ाई में वे सहयोग मांगने आए हैं। लोगों ने दोनों हाथ उठाकर आश्वस्त किया कि वे इस लड़ाई में इनेलो के साथ हैं और तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक कि हरियाणा में इनेलो की सरकार न बन जाए।

अभय चौटाला ने कहा कि जब उन्होंने गांव सिंगार में अपनी यह पदयात्रा शुरू की थी तो इसके बाद इनेलो सुप्रीमो चौ. ओमप्रकाश चौटाला ने कहा था कि वह जहां भी जाए तो मेरा वादा जनता तक जरूर पहुंचा देना। अभय चौटाला ने जैसे ही चौ. ओमप्रकाश चौटाला द्वारा किए गए वादों की फेहरिस्त लोगों के सामने रखी तो सभी भावुक हो गए और हरेक ने माना कि विकास हरियाणा में चौ. ओमप्रकाश चौटाला ने किया। अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो की सरकार आने के बाद महिलाओं को प्रति माह एक घरेलू गैस सिलैंडर मुफ्त दिया जाएगा तो वहीं हर घर से एक शिक्षित युवक को नौकरी दी जाएगी। इसके अलावा जो किन्हीं कारणों के चलते नौकरी पाने से वंचित रह गया तो उसे प्रति माह रोजगार भत्ता दिया जाएगा। इसके अलावा बुनियादी सुविधाओं की भी कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह तभी संभव होगा जब सभी मिलकर देश और प्रदेश में परिवर्तन लाएंगे और हरियाणा में इनैलो की सरकार बनाने में अपना सहयोग देंगे। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश में स्वास्थ्य और शैक्षणिक सुविधाओं की स्थिति चिंतनीय है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
