अंबाला: दिल्ली-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर शहीदी स्मारक के पास बुधवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क पर विद्यार्थियों को चढ़ाने के लिए खड़ी CGC यूनिवर्सिटी मोहाली की बस को पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक के पीछे चल रहा एक टेंपो भी अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर पलट गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!हादसे के समय कॉलेज बस में करीब 35 विद्यार्थी सवार थे। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी विद्यार्थी या अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
हाईवे पर बस रोककर चढ़ाए जा रहे थे बच्चे
जानकारी के मुताबिक, CGC यूनिवर्सिटी मोहाली की बस शाहबाद से विद्यार्थियों को लेकर मोहाली जा रही थी। अंबाला में शहीदी स्मारक के सामने बस सड़क पर ही रुक गई थी और विद्यार्थियों को बस में चढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने बस को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद ट्रक के पीछे चल रहा टेंपो चालक भी अचानक ब्रेक लगाने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टेंपो डिवाइडर पर पलट गया।
टेंपो चालक ने बस चालक पर लगाया लापरवाही का आरोप
टेंपो चालक ने हादसे के लिए कॉलेज बस चालक को जिम्मेदार बताया। उसका कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस को रोककर विद्यार्थियों को चढ़ाया जा रहा था। अचानक बस रुकने के कारण पीछे से आ रहा ट्रक उससे टकरा गया और इसके बाद टेंपो भी हादसे की चपेट में आ गया।
बस चालक ने बताई अलग वजह
वहीं कॉलेज बस चालक के मुताबिक, वह शाहबाद से विद्यार्थियों को लेकर मोहाली जा रहा था। अंबाला में सड़क पर विद्यार्थियों को बस में बैठाने के लिए वह रुका था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। बस चालक ने बताया कि बस में 35 विद्यार्थी थे और सभी सुरक्षित हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया जाम
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और प्रशासन की मदद से जेसीबी के जरिए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात को सुचारू कराया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर बस को हाईवे पर रोककर विद्यार्थियों को चढ़ाने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गनीमत रही कि हादसे के वक्त बस में मौजूद 35 विद्यार्थियों में से किसी को चोट नहीं लगी और एक बड़ा हादसा टल गया
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
