हरियाणा में पल-पल मौसम का मिजाज बदल रहा है। कभी हल्की बारिश तो कभी मौसम शुष्क हो रहा है। वहीं, राज्य में आज से मौसम परिवर्तनशील रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, हरियाणा में आज से मौसम में बदलाव नजर आएगा।
नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से मौसम में बदलाव होगा और बारिश होने की संभावना है। इससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। अभी तीन दिन से दिन के समय धूप निकलने के कारण तापमान में फिर से बढ़ोतरी हुई है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार 21 अक्टूबर से रात से मौसम में फिर से बदलाव होगा। इसका मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ का एक्टिव होना है। प्रदेश के जिलों में इसका आंशिक प्रभाव पड़ेगा। 21 से 23 अक्टूबर तक इसका प्रभाव अनेक जिलों में देखने को मिल सकता है।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि इससे बीच-बीच में आंशिक बदलाव होने तथा कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है। पिछले दिनों हुई वर्षा के बाद तापमान गिरा था, लेकिन तीन दिन से मौसम साफ होने से अधिकतम तापमान फिर से 31 डिग्री को पार कर गया है। हिसार के तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री तक पहुंच गया है।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
