Sunday , 26 July 2026

पर्यटकों की लगी मौज: बर्फ की सफेद चादर से ढके पहाड़, इन स्थानों पर हुई भारी बर्फबारी

हिमाचल डेस्क: हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। ताजा बर्फबारी से पूरा प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है। न्यूनतम तापमान में भी दो से चार डिग्री तक की गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार और मंगलवार को कई स्थानों पर हिमपात और बारिश की संभावना है। मनाली में सीजन का पहला हिमपात हुआ है। वहीं लाहुल स्‍पीति के जिला मुख्‍यालय केलंग में आधा फीट तक हिमपात हुआ है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

कई स्थानों पर हुआ भारी हिमपात

एक दिन की धूप के बाद रविवार को फिर प्रदेश के कई स्थानों पर हिमपात हुआ। सोमवार को भी यह सिलसिला जारी है। बारालचा व शिंकुला में दो फीट और रोहतांग में डेढ़ फीट ताजा बर्फबारी हुई। किन्नौर और लाहुल-स्पीति में भी बर्फ गिरी। अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर पर भी हिमपात हुआ है। मौसम को देखते हुए पर्यटकों को सोलंगनाला से आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। रविवार को फार व्हील ड्राइव वाहन ही सोलंगनाला से अटल टनल तक जा सके थे। लेकिन आज वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।

मैदानी क्षेत्रों में हुई बारिश

वहीं, प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में भी शाम व रात को बारिश हुई। चंबा में 21 मिलीमीटर, मनाली में पांच और भुंतर में चार मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। हिमपात के कारण प्रदेश में 12 सड़कों पर यातायात बंद है और 71 ट्रांसफार्मर खराब होने से विद्युत आपूर्ति बाधित है। लाहुल-स्पीति में ही 65 ट्रांसफार्मर खराब हैं। हिमपात में बिजली नहीं होने से यहां लोगों की परेशानी बढ़ गई है। हिमपात व बारिश के बाद एक बार फिर ठंड बढ़ गई है और अधिकतम तापमान में दो से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *