देशभर में 16 फरवरी को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल के चलते रोडवेज बसों का चक्का जाम रहेगा। हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होने का फैसला लिया है और 16 फरवरी को पूरी तरह से चक्का जाम करने का एलान किया है। उस दिन रोडवेज की सभी बसें अड्डे से बाहर नहीं निकलेंगी। बसों का पहिया जाम होने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ेगी। उन्हें परिवहन समिति की बसों का ही सहारा लेना पड़ेगा, लेकिन लंबे रूटों पर यात्रियों को परिवहन समिति की बसें नहीं मिलेगी। राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होकर रोडवेेज कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठेंगे और सरकार के खिलाफ रोष जताएंगे।हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान आजाद गिल, राज्य महासचिव जगदीप लाठर, राज्य उपप्रधान संदीप रंगा ने कहा कि सांझा मोर्चा के मांगपत्र पर सरकार के साथ कई दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन उसे हर बार नकार दिया जाता है जो कर्मचारियों की जायज मांग थी। सरकार ने सांझा मोर्चा को आश्वासन भी दिया था की उनको धरातल पर लागू कर दिया जाएगा, लेकिन वो आज तक लागू नहीं हो पाई है। इसके लिए सांझा मोर्चा ने कई आंदोलन भी कर लिए, लेकिन सरकार अपनी तानाशाही पर अड़ी हुई है। इसके लिए 24 दिसंबर को करनाल के अंदर कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय का घेराव भी किया था। इसके बावजूद मुख्यमंत्री ने मनमानी करते हुए साझा मोर्चा के साथ बात करना भी जरूरी नहीं समझा। इसके विरोध में रोडवेज कर्मचारी ने 24 जनवरी को प्रदेश का चक्का जाम किया था। अब फिर राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होकर रोडवेज बसों को बंद करने का एलान किया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
