तमिलनाडु के मछुआरों की जाल में एक बेहद दुर्लभ और रहस्यमयी ओरफिश (Oarfish) मछली फंसी है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। चांदी जैसे रंग और लंबी रिबन जैसी बनावट वाली यह मछली लगभग 30 फीट लंबी हो सकती है। इसके सिर पर लाल रंग का खास फिन होता है। यह मछली आमतौर पर समुद्र की गहराई में रहती है, लेकिन सतह पर इसका दिखना लोगों में जिज्ञासा के साथ-साथ डर भी पैदा कर रहा है।
‘Doomsday Fish’ कहलाती है ओरफिश
ओरफिश को ‘Doomsday Fish’ यानी ‘प्रलय की मछली’ भी कहा जाता है। जापान और फिलीपींस में लोकविश्वास है कि यह मछली तब सतह पर आती है जब कोई बड़ी प्राकृतिक आपदा जैसे भूकंप या सुनामी आने वाली होती है। जापानी लोककथाओं में इसे ‘भूकंप का अग्रदूत’ माना जाता है।
ऐतिहासिक घटनाओं से जुड़ा रहस्य
2011 में जापान में आए विनाशकारी भूकंप और सुनामी से पहले दर्जनों ओरफिश देखे गए थे, जिसने 19 हजार से अधिक लोगों की जान ले ली थी। 2017 में फिलीपींस में भूकंप से पहले भी ओरफिश की मौजूदगी दर्ज की गई थी। इसके अलावा मेक्सिको में भी बड़े भूकंप से पहले ओरफिश दिखाई दी थी। इन घटनाओं ने इस मछली को ‘प्राकृतिक आपदाओं का संकेत’ बताने वाले मिथकों को बल दिया है।
वैज्ञानिक क्या कहते हैं?
हालांकि, वैज्ञानिक इस कनेक्शन को पूरी तरह नकारते हैं। 2019 में प्रकाशित एक अध्ययन में पाया गया कि ओरफिश के सतह पर आने और भूकंप या सुनामी के बीच कोई ठोस संबंध नहीं है। लाइव साइंस की रिपोर्ट के अनुसार, ओरफिश तब सतह पर आती है जब वह बीमार होती है या समुद्री तापमान और धाराओं में बदलाव के कारण ऊपर आती है। 2018 की एक स्टडी में भी जलवायु परिवर्तन को इसका कारण माना गया है।
जापानी वैज्ञानिक योशियाकी ओरिहारा का कहना है, “अब तक कोई प्रमाण नहीं मिला है कि ओरफिश भूकंप या सुनामी का संदेश देती है।”