Wednesday , 4 June 2025
हरियाणा दौरे पर राहुल गांधी: 4 जून को चंडीगढ़ में लेंगे संगठन सृजन अभियान की समीक्षा बैठक

हरियाणा दौरे पर राहुल गांधी: 4 जून को चंडीगढ़ में लेंगे संगठन सृजन अभियान की समीक्षा बैठक

चंडीगढ़, 2 जून 2025 – कांग्रेस पार्टी में संगठनात्मक बदलाव की बयार तेज हो गई है। इसी कड़ी में पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 4 जून को हरियाणा के दौरे पर आ रहे हैं। यह जानकारी हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (HPCC) के प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद और प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने प्रेस वार्ता में दी।

उदयभान ने कहा, “गांधी परिवार का कोई सदस्य पहली बार हरियाणा कांग्रेस कार्यालय आ रहा है, यह हमारे लिए गर्व की बात है। राहुल गांधी का यह दौरा संगठन सृजन अभियान के तहत हो रहा है, जिसका उद्देश्य 2025 तक देशभर में मजबूत कांग्रेस संगठन खड़ा करना है।”

राहुल गांधी सबसे पहले प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की बैठक लेंगे, जिसमें भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा, रणदीप सुरजेवाला, अजय यादव समेत अन्य प्रमुख नेता शामिल होंगे। इसके बाद वे AICC और PCC पर्यवेक्षकों के साथ संगठनात्मक समीक्षा करेंगे।

जिला अध्यक्षों के चयन में नई रणनीति
हरियाणा में नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर पार्टी ने एक नया फार्मूला अपनाया है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद ने बताया कि “इस बार ऑब्जर्वर हर जिले में जाकर फीडबैक लेंगे और केवल उन्हीं को मौका मिलेगा जिन्होंने वर्षों तक पार्टी के लिए काम किया है।” एक महीने के भीतर सभी जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी जाएगी।

हरिप्रसाद ने यह भी स्पष्ट किया कि “अनुशासन तोड़ने वाले नेताओं के खिलाफ पार्टी सख्त कार्रवाई करेगी।”

राहुल गांधी का यह दौरा संगठनात्मक मजबूती और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिहाज से कांग्रेस के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *