कुरुक्षेत्र, 26 मई 2025 : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा उपमंडल के गांव बिहोली में आधुनिक सुविधाओं से लैस राजकीय पशुचिकित्सा पॉलीक्लीनिक का लोकार्पण किया। 4 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत से बने इस पॉलीक्लिनिक को राज्य का सातवां अत्याधुनिक पशु अस्पताल घोषित किया गया है।
इस पॉलीक्लिनिक में ऑपरेशन थिएटर, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और प्रयोगशाला जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तैनात की गई है ताकि किसानों और पशुपालकों को उनके पशुओं की सेहत के लिए बेहतरीन चिकित्सा सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “आज दुधारू पशु लाखों रुपए मूल्य के हैं। किसानों को हमेशा उनकी सेहत की चिंता रहती है। इस पॉलीक्लिनिक से उन्हें बड़ा लाभ मिलेगा।”
राज्य में पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए बड़ी घोषणाएं:
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार अब तक लगभग 650 नई गौशालाएं खोल चुकी है और गौशालाओं का बजट 2 करोड़ से बढ़ाकर 515 करोड़ रुपये कर दिया गया है। उन्होंने इसे पशुधन को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम बताया।
कांग्रेस पर साधा निशाना, लाडवा में 794 करोड़ के विकास कार्यों का दावा:
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में लाडवा में 794 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए गए हैं, जबकि कांग्रेस के शासन में सिर्फ 310 करोड़ के ही काम हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर था और जनता का उस पर से विश्वास उठ गया।
सीएम सैनी बोले “हमारी सरकार योजनाबद्ध और पारदर्शी तरीके से विकास कार्य कर रही है। लाडवा को मॉडल उपमंडल बनाने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।”
यह पॉलीक्लिनिक अब सिरसा, जींद, रोहतक, भिवानी, सोनीपत और रेवाड़ी जैसे जिलों में पहले से मौजूद अत्याधुनिक पशु अस्पतालों की श्रृंखला में शामिल हो गया है।