Friday , 25 September 2026
रेवाड़ी से लापता 7 साल का बच्चा भिवानी में मिला
रेवाड़ी से लापता 7 साल का बच्चा भिवानी में मिला

रेवाड़ी से लापता 7 साल का बच्चा भिवानी में मिला, ट्रेन से पहुंचा 110 किलोमीटर दूर|

भिवानी: रेवाड़ी से लापता हुआ करीब 7 साल का बच्चा भिवानी रेलवे स्टेशन पर मिल गया। बच्चा ट्रेन में बैठकर करीब 110 किलोमीटर दूर भिवानी पहुंच गया था। रेलवे स्टेशन पर घूमते हुए बच्चे पर RPF की नजर पड़ी, जिसके बाद उसे बाल कल्याण समिति (CWC) के सुपुर्द किया गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

CWC ने बच्चे की काउंसिलिंग कर उसके परिवार की जानकारी जुटाई। इसके बाद परिवार से संपर्क कर बच्चे को सुरक्षित उनके हवाले कर दिया गया।

रेलवे स्टेशन पर अकेला घूमता मिला बच्चा

भिवानी CWC के चेयरमैन एडवोकेट प्रदीप सिंह तंवर के अनुसार, बच्चा भिवानी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 और 3 पर घूमता मिला था। RPF ने बच्चे को लावारिस हालत में घूमते हुए देखा और उसे CWC को सौंप दिया।

इसके बाद CWC की टीम ने बच्चे की काउंसिलिंग की। काउंसिलिंग के दौरान बच्चे ने अलग-अलग जगहों के बारे में जानकारी दी। उसने अपने पैतृक गांव का संबंध राजस्थान के करौली जिले से बताया और रेवाड़ी के दहिना क्षेत्र का भी जिक्र किया।

इन जानकारियों के आधार पर संबंधित पुलिस थानों से संपर्क कर बच्चे के परिवार की पहचान करने का प्रयास किया गया।

चार दिन पहले घर से हुआ था लापता

बच्चे के पिता के अनुसार, उनका परिवार मूल रूप से राजस्थान के करौली जिले का रहने वाला है और फिलहाल रेवाड़ी जिले के एक गांव में रहता है। वह मेहनत-मजदूरी का काम करते हैं। परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं।

करीब चार दिन पहले बच्चा गांव में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसके बाद वह अचानक गायब हो गया। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने संबंधित पुलिस चौकी में बच्चे के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।

ट्रेन में बैठकर भिवानी पहुंच गया बच्चा

परिवार के मुताबिक, बच्चे को ट्रेन में बैठना पसंद है। गांव में रेलवे स्टेशन होने के कारण वह ट्रेन में बैठ गया और इसी दौरान भिवानी पहुंच गया।

जब परिवार को बच्चे के भिवानी में मिलने की सूचना मिली तो वे CWC कार्यालय पहुंचे। बच्चे को सुरक्षित देखकर परिवार ने राहत की सांस ली।

CWC ने काउंसिलिंग के बाद परिवार को सौंपा

बच्चे के मिलने के बाद CWC ने उसकी काउंसिलिंग की और परिवार की पहचान की प्रक्रिया पूरी की। संबंधित पुलिस से जानकारी मिलने के बाद परिवार को बुलाया गया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को उनके सुपुर्द कर दिया गया।

समय रहते RPF को बच्चा मिल जाने और CWC की मदद से परिवार तक पहुंचने के कारण बच्चा सुरक्षित अपने घर लौट सका।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *