गोहाना। सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बड़वासनी पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के बीच बैठकर उनसे सहज अंदाज में बातचीत की और पढ़ाई, स्वास्थ्य, स्वच्छता, खेलकूद और भविष्य के सपनों को लेकर संवाद किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!डॉ. गुप्ता ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में लक्ष्य तय करना और उसे हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करना जरूरी है। उन्होंने बच्चों को अच्छी आदतें अपनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
छोटी-छोटी अच्छी आदतों से मजबूत होती है जिम्मेदारी
डॉ. गुप्ता ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल बड़े आयोजनों तक सीमित नहीं है। रोजमर्रा की जिंदगी में अपनाई जाने वाली छोटी-छोटी अच्छी आदतें भी सेवा और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से पेड़ लगाने, पौधों की देखभाल करने और घर में माता-पिता के काम में सहयोग करने की अपील की।
स्वच्छता को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सीख
विद्यार्थियों से स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर बातचीत करते हुए डॉ. गुप्ता ने नियमित रूप से हाथ धोने, नाखून काटने, रोज ब्रश करने, स्नान करने और अपने आसपास साफ-सफाई रखने की बात कही।
उन्होंने बच्चों को समझाया कि व्यक्तिगत स्वच्छता और साफ वातावरण स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी हैं।
‘पिज्जा-बर्गर से ज्यादा घर का खाना जरूरी’
स्वस्थ भोजन को लेकर भी विद्यार्थियों से चर्चा की गई। डॉ. गुप्ता ने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए पौष्टिक भोजन जरूरी है।
उन्होंने बच्चों को दाल, हरी सब्जियां और घर का बना भोजन खाने की आदत डालने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बाजार में मिलने वाले खुले खाद्य पदार्थों की तुलना में घर के साफ-सुथरे और पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता देने की बात कही।
खेलों और पढ़ाई को लेकर उन्होंने बच्चों से कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय रहें और आपस में मिलजुलकर रहें। उन्होंने बच्चों को संदेश दिया, “खूब खेलो, खूब पढ़ो और झगड़ा मत करो।”
हर बच्चे के मन में हो अपना सपना
कार्यक्रम के दौरान डॉ. गुप्ता ने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के सपनों के बारे में भी पूछा। उन्होंने कहा कि कोई बच्चा डॉक्टर, नर्स, शिक्षक, वैज्ञानिक, आर्किटेक्ट, इंजीनियर या नेता बनना चाहता है तो उसे अपने सपने को लक्ष्य बनाकर लगातार मेहनत करनी चाहिए।
उन्होंने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि बच्चों के सपने ही देश के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
‘मेरे सपनों का भारत, विकसित भारत’ प्रतियोगिता
डॉ. अर्चना गुप्ता ने विद्यार्थियों को ‘मेरे सपनों का भारत, विकसित भारत’ प्रतियोगिताओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि छोटे बच्चों के लिए ड्राइंग और पेंटिंग प्रतियोगिता तथा बड़े विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
विद्यालय और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं के बाद प्रदेश स्तर पर चयनित विजेताओं को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किए जाने की जानकारी भी दी गई।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को किया सम्मानित
विद्यालय कार्यक्रम के बाद डॉ. अर्चना गुप्ता ने आंगनवाड़ी संख्या 121 में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यहां उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुदेश और सहायिका को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस दौरान उन्होंने महिलाओं से भी संवाद किया और महिलाओं तथा बच्चों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं और पोषण से जुड़े प्रयासों का उल्लेख किया। इनमें उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल, स्वच्छ भारत मिशन और पीएम आवास योजना जैसी योजनाएं शामिल रहीं।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में गोहाना भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र मलिक, सोनीपत भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, पूर्व मंत्री कविता जैन, प्रदीप सांगवान, प्रदेश मंत्री विकास दहिया, सरपंच शीला देवी, खंड शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा और प्राचार्या मीना कुमारी सहित ग्रामीण और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
