अंबाला, 28 जुलाई 2025 — हरियाणा में हरियाली तीज इस बार सिर्फ एक पारंपरिक उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं के लिए नए अवसरों की सौगात बनकर सामने आई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य स्तरीय तीज महोत्सव में महिलाओं को कल्याणकारी योजनाओं की ‘कोथली’ भेंट कर तीज को महिला सशक्तिकरण के उत्सव में बदल दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!लाडो सखी योजना का शुभारंभ, मिलेगा 1000 रुपये का प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान को नई दिशा देने के लिए ‘लाडो सखी योजना’ शुरू की। आंगनवाड़ी, आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं को ‘लाडो सखी’ बनाकर गर्भवती महिलाओं की देखभाल सौंपी जाएगी। बेटी के जन्म पर हर ‘लाडो सखी’ को 1,000 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

बढ़ते कदम’ डिजिटल बाल कार्यक्रम और 10,000 DIY किट की घोषणा
आंगनवाड़ियों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ‘बढ़ते कदम: डिजिटल बाल कार्यक्रम’ की शुरुआत की गई। वहीं, छात्राओं में कम उम्र से ही उद्यमशीलता की भावना विकसित करने के लिए 10,000 ‘डू-इट-योअर-सेल्फ’ किट वितरित की जाएंगी।
महिला स्टार्टअप्स को मिलेगा 1 लाख तक सहयोग
राज्य में महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए 50 हजार से 1 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता देने की योजना शुरू की गई है। पारंपरिक शिल्प, आयुर्वेद उत्पाद और देसी खाद्य वस्तुओं में काम कर रहीं महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा।
हर विकास खंड में महिलाओं को मिलेगा राशन डिपो
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हर विकास खंड में एक राशन डिपो स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सौंपा जाएगा, जिससे ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के साथ-साथ गांव की व्यवस्था में भागीदारी भी मिलेगी।
131 महिला सांस्कृतिक केन्द्रों का उद्घाटन
महिलाओं के लिए कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेशभर में 131 महिला सांस्कृतिक केन्द्रों का वर्चुअल उद्घाटन किया गया। इन केंद्रों में महिलाएं भजन, गीत और नृत्य जैसे सांस्कृतिक आयोजन कर सकेंगी।
श्रेष्ठ महिलाओं और SHGs को किया सम्मानित
-
हस्तशिल्प क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 3 लाख रुपये तक के पुरस्कार
-
12 महिलाओं को 51-51 हजार के सांत्वना पुरस्कार
-
हर जिले के टॉप 3 SHGs को क्रमश: ₹1 लाख, ₹50 हजार और ₹25 हजार की पुरस्कार राशि
CM सैनी बोले: “तीज केवल पर्व नहीं, नारी शक्ति का उत्सव है”
मुख्यमंत्री ने कहा, “तीज हमारी संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इसे भव्यता से मनाकर हम नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना चाहते हैं।”
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त करने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं:
-
हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत 18 लाख परिवारों को ₹500 में गैस सिलेंडर
-
लखपति दीदी योजना से अब तक 2.1 लाख महिलाएं लाभान्वित
-
50% पंचायती आरक्षण, 33 महिला पुलिस थाने, 1091 महिला हेल्पलाइन
अनिल विज और श्रुति चौधरी ने की योजनाओं की सराहना
परिवहन व ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने तीज के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री के विकास कार्यों की सराहना की और कहा कि सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने इसे “नारी सम्मान और सुरक्षा का संकल्प लेने का दिन” बताया और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की सफलता पर गर्व जताया।
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का आह्वान
मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने की अपील की और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने को कहा।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
