Friday , 11 September 2026
गन्नौर अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी के संचालन में आएगी तेजी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

हरियाणा गन्नौर अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी का संचालन शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

सोनीपत, 26 जुलाई: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोनीपत के गन्नौर में विकसित की जा रही अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी के संचालन को शीघ्रतापूर्वक सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। यह परियोजना राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसका समय पर संचालन हरियाणा की कृषि और बाजार व्यवस्था के लिए बड़ा बदलाव लेकर आएगा।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी के संचालन में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या तकनीकी बाधा नहीं आने दी जाए। इसके लिए एक विशेष नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो राज्य सरकार, केंद्र सरकार और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस परियोजना की प्रगति रिपोर्ट खुद समय-समय पर लेते रहे हैं, और इस मंडी का उद्घाटन प्रधानमंत्री के कर कमलों से कराने का प्रयास किया जाएगा।


544 एकड़ में विकसित हो रही अत्याधुनिक मंडी, 2595 करोड़ की लागत

गन्नौर मंडी कुल 544 एकड़ भूमि में विकसित की जा रही है, जिसमें से 350 एकड़ पर 17 आधुनिक शेड बनाए जाएंगे। इस मंडी में वर्टिकल मार्केटिंग की सुविधा भी होगी। इसके साथ ही 5,500 ट्रकों और लगभग 15,000 कारों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।

टेंडर प्रक्रिया को तकनीकी समिति की मंजूरी मिल चुकी है और कुल अनुमानित लागत 2,595 करोड़ रुपये है।


मंडी से किसानों और व्यापारियों को मिलेगा बड़ा लाभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस मंडी से न केवल हरियाणा के किसान, बल्कि दिल्ली की आजादपुर मंडी के व्यापारी और हिमाचल प्रदेश व जम्मू-कश्मीर के सेब उत्पादक किसानों को भी लाभ होगा। यहां से मजबूत सड़क नेटवर्क जुड़ा है, जो फल एवं सब्जियों के सुगम परिवहन में सहायक होगा।


व्यापार संचालन योजना में निवेशकों के लिए खास प्रावधान

मंडी के संचालन के लिए जारी ‘व्यापार संचालन योजना’ के तहत केवल उन्हीं निवेशकों को पात्र माना जाएगा जिनका बागवानी क्षेत्र में कम से कम 100 एकड़ का अनुभव हो और जिनका वार्षिक कारोबार 100 करोड़ रुपये से अधिक हो।


वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के लिए APEDA से मार्गदर्शन

मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि इस परियोजना को और अधिक उपयोगी और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए केंद्र सरकार के कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) से मार्गदर्शन लिया जाए।


वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे बैठक में

बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, कृषि विभाग के प्रधान सचिव पंकज अग्रवाल, हरियाणा इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर मार्केट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक मुकुल कुमार, राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक मुकेश कुमार आहुजा, कृषि महानिदेशक राजनारायण कौशिक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *