चंडीगढ़, 15 जुलाई — हरियाणा सरकार ने एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए प्रदेश के तीन सरकारी महाविद्यालयों का नाम शहीदों और आज़ाद हिन्द फौज के स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर रखने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस नामकरण को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!यह निर्णय देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि देने और युवाओं को उनके बलिदान से प्रेरणा देने के उद्देश्य से लिया गया है। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि शहीदों के नाम अमर रहेंगे और उनका त्याग युवा पीढ़ी को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत करेगा।
तीन कॉलेजों का नामकरण इस प्रकार किया गया:
-
राजकीय महिला महाविद्यालय, बवानी खेड़ा (भिवानी)
अब इसका नाम होगा स्वर्गीय ठाकुर श्री शम्भु सिंह महिला महाविद्यालय।
ठाकुर शम्भु सिंह आज़ाद हिन्द फौज के जांबाज़ स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्होंने देश की आज़ादी के लिए संघर्ष किया। -
राजकीय महाविद्यालय, खरक (भिवानी)
अब इसका नाम होगा शहीद गजेन्द्र सिंह राजकीय महाविद्यालय।
सहायक कमांडेंट गजेन्द्र सिंह 7 मार्च 2018 को छत्तीसगढ़ में नक्सलियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए थे। उनकी वीरता के लिए उन्हें 26 जनवरी 2021 को वीरता पदक से सम्मानित किया गया। -
राजकीय महाविद्यालय, सांपला (रोहतक)
अब इसका नाम होगा शहीद राय सिंह राजकीय महाविद्यालय।
शहीद राय सिंह ने 20 नवम्बर 2016 को जम्मू-कश्मीर की नियंत्रण रेखा पर मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहादत दी थी।
शहीदों को सम्मान, विद्यार्थियों को प्रेरणा
शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह पहल न केवल शहीदों के बलिदान को सम्मान देती है, बल्कि युवाओं को यह संदेश भी देती है कि देश की रक्षा और आज़ादी के लिए जिन वीरों ने जान दी, उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
