ज़ीरकपुर (पंजाब): पंजाब में एक बार फिर हाई-प्रोफाइल जुए के नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। मोहाली जिले के ज़ीरकपुर स्थित केसी रॉयल होटल में चल रहे जुए के अड्डे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में होटल स्टाफ के अलावा कई प्रतिष्ठित कारोबारी भी शामिल हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस की इस छापेमारी में ₹25.30 लाख नकद, 13 मोबाइल फोन और 6 लग्जरी कारें जब्त की गई हैं। ज़ीरकपुर थाने में जुआ एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
8 दिन की खुफिया निगरानी के बाद एक्शन
मोहाली के एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि बीते 8-9 दिनों से पुलिस की कई टीमें इन आरोपियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थीं। आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहे थे, जिससे उनकी गिरफ्तारी चुनौतीपूर्ण बन गई थी। जैसे ही पुख्ता सूचना मिली, मंगलवार को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को धर दबोचा।
डीजीपी गौरव यादव की पुष्टि
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने इस कार्रवाई की पुष्टि अपने सोशल मीडिया अकाउंट X (पूर्व में ट्विटर) पर की है। उन्होंने इसे “पुलिस की प्रोफेशनल अप्रोच” बताया और उम्मीद जताई कि इस मामले में कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
चंडीगढ़ में भी सामने आया था ऐसा मामला
गौरतलब है कि इससे पहले 2018 में चंडीगढ़ के एक नामी होटल में इसी तरह का हाई-प्रोफाइल जुए का मामला सामने आया था, जिसमें 26 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। अब ज़ीरकपुर में हुई इस कार्रवाई को लेकर लोग दोबारा पुलिस की मुस्तैदी की सराहना कर रहे हैं।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
