Wednesday , 16 September 2026

पाकिस्तान टेररिज्म को टूरिज्म मानता है, ये दुनिया के लिए बड़ा खतरा: कच्छ में गरजे पीएम मोदी

कच्छ  – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के कच्छ जिले में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पाकिस्तान पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा, “भारत टूरिज्म में विश्वास करता है, टूरिज्म लोगों को जोड़ता है। लेकिन पाकिस्तान जैसा देश टेररिज्म को ही टूरिज्म मानता है और ये पूरी दुनिया के लिए एक बहुत बड़ा खतरा है।”

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

मोदी ने देश की आतंकवाद के खिलाफ नीति को दोहराते हुए कहा कि “भारत की नीति जीरो टॉलरेंस की है। ऑपरेशन सिंदूर इसका ताजा उदाहरण है। हमने पाकिस्तान को 15 दिन का समय दिया, लेकिन जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो सेना को पूरी छूट दे दी गई।”

 

उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को सिर्फ एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि आतंकवाद के खात्मे और मानवता की रक्षा का मिशन बताया।

 

ड्रोन भेजने से बौखलाया पाकिस्तान

प्रधानमंत्री ने खुलासा किया कि भारत की सख्त प्रतिक्रिया के बाद पाकिस्तान बौखला गया और कच्छ सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में ड्रोन भेजे। इस पर उन्होंने 1971 की याद दिलाते हुए कहा, “भुज की वीर महिलाओं ने उस समय 72 घंटे में रनवे की मरम्मत करके पाकिस्तान की चालों को नाकाम कर दिया था।” उन्होंने बताया कि उन महिलाओं ने उन्हें सिंदूर का पौधा भेंट किया है, जिसे पीएम आवास में लगाया जाएगा।

 

50,000 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री ने कच्छ को एक बड़ा तोहफा देते हुए 50,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं भारत को ब्लू इकोनॉमी और ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की ओर ले जाएंगी।

 

मुख्य परियोजनाएं शामिल हैं:

  • खावड़ा अक्षय ऊर्जा पार्क के लिए ट्रांसमिशन नेटवर्क
  • तापी में अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट
  • कांडला पोर्ट पर इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड
  • सड़क, जल और सौर ऊर्जा से जुड़ी राज्य सरकार की परियोजनाएं

 

कच्छ से भावनात्मक नाता

मोदी ने कच्छ से अपने भावनात्मक जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि नर्मदा का पानी जब पहली बार यहां पहुंचा था, तब दिवाली जैसा उत्सव मनाया गया था। “कच्छ के लोगों का आत्मविश्वास और जज्बा हमेशा मुझे प्रेरित करता है,” उन्होंने कहा।

 

राजनीति से परे, राष्ट्रीय सुरक्षा और विकास का संदेश

प्रधानमंत्री के भाषण में आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख, महिलाओं की वीरता का सम्मान, और विकास की बड़ी योजनाओं का संदेश प्रमुख रहा। यह भाषण राजनीतिक ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की दिशा में भी एक स्पष्ट संकेत देता है।

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *