चंडीगढ़, 22 मई: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने एक बार फिर अपने तीखे और बेबाक बयानों से सुर्खियां बटोरी हैं। पाकिस्तान की बिगड़ती आर्थिक स्थिति पर चुटकी लेते हुए विज ने कहा, “पाकिस्तान ने तो बिकना ही है, अब देखना ये है कि कौन-कौन खरीदार मैदान में उतरता है।”
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अनिल विज का यह बयान पाकिस्तान द्वारा अंतरराष्ट्रीय बैंकों से 41 हजार करोड़ रुपये के कर्ज लेने की तैयारी पर आया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि रोजमर्रा की चीजें आम जनता की पहुंच से बाहर हो गई हैं। “महंगाई ने पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया है। सिंध और बलूचिस्तान जैसे इलाके अब उससे अलग होना चाहते हैं, और देश गृह युद्ध की कगार पर खड़ा है,” विज ने दो टूक कहा।
“पाकिस्तान के बयान ख्याली पुलाव से ज्यादा कुछ नहीं”
पाक पीएम द्वारा भारत के साथ तीसरे देश में वार्ता की बात पर विज ने कटाक्ष किया, “पाकिस्तान क्या-क्या ख्याली पुलाव बना रहा है, यह समझ से बाहर है। वो खुद अपनी बातों पर कायम नहीं रहते, इसलिए उनकी बातों का कोई मूल्य नहीं रह गया है।”
मोदी सरकार की उपलब्धियों से कांग्रेस परेशान – विज
कांग्रेस की “टीम 140” योजना पर कटाक्ष करते हुए विज ने कहा, “कांग्रेस को इस बात की तकलीफ है कि नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भारत ने रिकॉर्ड समय में बड़ी-बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं।”
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के तहत भारत ने पाकिस्तान के नौ आतंकी ठिकानों को तबाह किया, सैकड़ों आतंकियों को मार गिराया और कई रनवे बर्बाद किए। “बीएसएफ ने जम्मू सीमा पर पांच पाकिस्तानी चौकियां और लॉन्च पैड तबाह किए हैं, यह मोदी जी के विजन और सेना के पराक्रम का परिणाम है,” विज ने कहा।
हर जिले में बनेगा लेबर कोर्ट, मजदूरों को मिलेगा सीधा लाभ
श्रम मंत्री ने ऐलान किया कि हरियाणा में 26 लेबर कोर्ट बनाए जाएंगे, जिनमें से 12 की प्रस्तावना पहले ही भेजी जा चुकी थी। “मजदूरों को अब अपने हक के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है, जल्द काम शुरू होगा,” विज ने भरोसा दिलाया।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
