अमृतसर, 6 मई 2025 — पंजाब पुलिस ने आतंकवाद और जासूसी के खिलाफ एक के बाद एक दो बड़ी सफलताएं दर्ज की हैं। पहले अमृतसर से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने वाले दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया, और अब पुलिस ने एक जंगली इलाके से भारी मात्रा में आतंकी हार्डवेयर बरामद कर पूरे प्रदेश को दहलाने की साजिश नाकाम कर दी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जासूसों के बाद बरामद हुआ हथियारों का जखीरा
पंजाब पुलिस के विशेष सेल एसएसओसी अमृतसर और केंद्रीय एजेंसियों ने मिलकर सोमवार रात एक संयुक्त ऑपरेशन में बड़ी सफलता हासिल की। इस ऑपरेशन में एक जंगली इलाके से आतंकियों द्वारा छिपाया गया हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया गया।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि बरामद सामग्री में शामिल हैं:
2 रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG)
2 इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED)
5 P-86 हैंड ग्रेनेड
1 वायरलेस कम्युनिकेशन सेट
इन खतरनाक हथियारों के ज़रिए आतंकी पंजाब में बड़े हमले की तैयारी कर रहे थे।
ISI की साजिश का पर्दाफाश
शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI पंजाब में अपने स्लीपर सेल को फिर से सक्रिय करने की कोशिश कर रही है। आतंकी संगठनों के साथ मिलकर ISI, भारतीय सैन्य ठिकानों और हवाई अड्डों को निशाना बनाने की साजिश रच रही थी।
अमृतसर से गिरफ्तार हुए ISI एजेंट
इससे पहले, पंजाब पुलिस ने अमृतसर से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया था, जो भारतीय सेना और एयरफोर्स के ठिकानों की जानकारी, तस्वीरें और गुप्त डेटा पाकिस्तान भेज रहे थे। पुलिस के मुताबिक,
“दोनों आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनमें संवेदनशील सूचनाएं और संपर्क के सबूत मिले हैं।”
पंजाब को दहलाने की साजिश नाकाम
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर ये हथियार आतंकी हमले में इस्तेमाल हो जाते, तो पंजाब को बड़ा नुकसान हो सकता था।
RPG और IED जैसे हथियारों की बरामदगी इस बात का प्रमाण है कि पंजाब एक बार फिर आतंकवाद के निशाने पर है।
सतर्क एजेंसियां, चौकन्ना पंजाब
डीजीपी गौरव यादव ने कहा,
“हम किसी भी आतंकी मंसूबे को सफल नहीं होने देंगे। पंजाब पुलिस और एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।”
राज्य सरकार और खुफिया एजेंसियां लगातार सक्रिय हैं और पाकिस्तान की हर नापाक चाल को नाकाम करने के लिए तैयार हैं।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
