पंचकूला, 8 मार्च: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश की महिलाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मान समारोह में उन्होंने कहा कि 2047 के विकसित भारत में महिलाओं का सबसे बड़ा योगदान होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं को मिलने वाली विशेष छुट्टियों में बढ़ोतरी, ब्याज मुक्त ऋण और कई अन्य योजनाओं की शुरुआत की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
महिला सरकारी कर्मचारियों को मिलेगी अधिक छुट्टियां
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब हरियाणा सरकार के कार्यालयों में कार्यरत महिला कर्मचारियों को 20 के बजाय 25 वार्षिक छुट्टियां मिलेंगी। वहीं, हरियाणा कौशल रोजगार निगम की महिला कर्मियों को अब तक 10 वार्षिक अवकाश मिलते थे, जो अब बढ़कर 22 हो जाएंगे।
महिलाओं के लिए ब्याज मुक्त ऋण योजना
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए आर्थिक स्वतंत्रता को बढ़ावा देने के लिए डेयरी इकाइयां स्थापित करने के लिए 1 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण देने की घोषणा की। इसके अलावा, हरियाणा महिला कृषि वृद्धि योजना के तहत महिलाओं को पशुपालन, मधुमक्खी पालन और डेयरी फार्मिंग जैसे क्षेत्रों में भी बिना ब्याज के ऋण दिया जाएगा।
नए पोर्टल और आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्घाटन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन माध्यम से प्रदेश में 44 नए आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्घाटन किया और बाल भवन चरखी दादरी का शिलान्यास किया। इसके साथ ही तीन नए पोर्टलों की शुरुआत की गई:
घरेलू हिंसा शिकायत पंजीकरण और निगरानी पोर्टल
“आपकी बेटी-हमारी बेटी” योजना के लिए एमआईएस पोर्टल
एसएनपी मांग और आपूर्ति पोर्टल
लैंगिक समानता को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि लैंगिक समानता को केवल एक नारे तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे एक जन आंदोलन का रूप देना होगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा में लिंगानुपात में सुधार हुआ है। 2014 में 871 के लिंगानुपात को अब बढ़ाकर 916 तक पहुंचाया गया है।
खेलों और सेना में बढ़ती भागीदारी
मुख्यमंत्री ने गर्व से कहा कि हरियाणा की बेटियां खेलों में मेडल जीतकर देश का नाम रोशन कर रही हैं और सेना में शामिल होकर देश की रक्षा भी कर रही हैं।
महिला सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता
प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 33 महिला पुलिस थाने स्थापित किए गए हैं। महिलाओं की स्वास्थ्य सुविधाओं में भी सुधार के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं।
5 लाख महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य
प्रदेश में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए “लखपति दीदी” योजना चलाई जा रही है, जिसके तहत अब तक 2 लाख महिलाओं को सक्षम बनाया जा चुका है। आने वाले समय में 5 लाख महिलाओं को इसका लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है।
ड्रोन पायलट प्रशिक्षण की नई पहल
“नमो ड्रोन दीदी” योजना के तहत 5,000 महिलाओं को ड्रोन पायलट बनने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। अब तक 100 महिलाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें मुफ्त ड्रोन प्रदान किए जा चुके हैं।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम
हरियाणा सरकार द्वारा 64,500 महिला स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय सहायता दी जा रही है। राशन डिपो में 33% हिस्सेदारी महिलाओं को दी गई है, और प्रदेश में 8,000 नए प्ले-वे स्कूल खोले जाएंगे।
सम्मानित किए गए उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले और महिलाएं
मुख्यमंत्री ने करनाल, यमुनानगर, महेंद्रगढ़ और भिवानी जिलों को लिंगानुपात सुधारने के लिए पुरस्कृत किया। इसके अलावा, श्रीमती सुषमा स्वराज पुरस्कार, इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार और अन्य नकद पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को दिए गए।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
