
हरियाणा डेस्क:-फरीदाबाद,‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ वीरवार को 19वें दिन जिला फरीदाबाद के बल्लबगढ़ के सेक्टर 3 जाट भवन से शुरू हुई और गांव सीही, सेक्टर 8, हनुमान मंदिर, मिलन स्वीट्स, सेक्टर-9,10,12,15,16,17 मैट्रो होस्पीटल, ओल्ड फरीदाबाद सब्जी मंडी, शास्त्री कालोनी, सेक्टर- 29, 30 बडख़ल चौक से होते हुए गांव बडख़ल पहुंची जहां रात्रि ठहराव हुआ। प्रदेश में किसानों की सरसों की फसल मंडी में आ गई है लेकिन उसकी सरकारी खरीद न होने के कारण किसानों को औने-पौने दामों में फसल को बेचना पड़ रहा है। फरीदाबाद में विशाल जनसभा का आयोजन किया गया जिसे संबोधित करने खुद चौ. ओमप्रकाश चौटाला पहुंचे। लोगों ने इनेलो सुप्रीमो का गगनभेदी नारों से जोरदार स्वागत किया। लोगों के इस प्यार व मान-सम्मान से अभिभूत चौ. ओमप्रकाश चौटाला ने इनेलो शासन आने पर सबके कल्याण का वायदा किया, वहीं मौजूदा भाजपा शासन पर जनता के हितों की अनदेखी व तानाशाही तरीके से काम करने के आरोप लगाए और प्रदेशवासियों से सरकार के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जनसभा को संबोधित करते हुए इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि भारत ही एक ऐसा देश है जहां सभी धर्मों के लोग आपसी प्रेम-सद्भाव से रहते हैं पर देश का यह दुर्भाग्य रहा है कि कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ के लिए देश को लूटने के लिए आपस में लड़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सोच चौधरी देवी लाल के दिखाए रास्ते पर चलने की है। चौधरी देवी लाल ने लोगों के लिए संघर्ष किया, ताकि उनकी मूलभूत जरूरतों रोटी, कपड़ा, मकान, शिक्षा-स्वास्थ्य की सुविधा का बंदोबस्त सरकार करें। इनेलो सुप्रीमो ने बताया कि उन्होंने जब वर्तमान मुख्यमंत्री की कार्यशैली के बारे में लोगों से बात की तो उन्होंने मायूस मन से बताया कि क्या करेंगे मुख्यमंत्री की कोठी में जाकर, वहां काम तो होता ही नहीं है। दरख्वास्त लेकर जो जाता है उसे पुलिस वाले भगा देते हैं। उन्होंने कहा कि उसी दिन मैंने ठानी जिस दिन लोगों के सहयोग समर्थन से इनेलो की सरकार बनेगी तो लोगों को सरकार के द्वार पर नहीं आना पड़ेगा बल्कि सरकार लोगों के घर द्वार पहुंचेगी।

उन्होंने बताया कि सरकार बनने पर सबसे पहले सरकार आपके द्वार कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। बतौर मुख्यमंत्री मैं प्रदेश के सभी गांवों में जाया करता था। लोगों के दुख-तकलीफ का हाथोंहाथ निपटान किया जाता था। कहने की जरूरत नहीं इस परिवर्तन यात्रा के जरिए लोगों का झुकाव इनेलो की तरफ बढ़ता जा रहा है। इस लड़ाई के सुखद परिणाम निकलेंगे। आने वाले दिनों में इनेलो की सरकार बनेगी और प्रदेश में भरपूर विकास कार्य करवाए जाएंगे।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
